मुजफ्फरपुर: 2 करोड़ रुपये की अवैध कमाई में कार्यपालक अभियंता पर चार्जशीट दायर

मुजफ्फरपुर: 2 करोड़ रुपये की अवैध कमाई में कार्यपालक अभियंता पर चार्जशीट दायर

मुजफ्फरपुर 
एक करोड़ 68 लाख रुपये अवैध रूप से अर्जित करने के मामले में मुजफ्फरपुर के ग्रामीण कार्य विभाग के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता सत्येंद्र प्रसाद सिन्हा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। यह चार्जशीट निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने विशेष निगरानी कोर्ट में दाखिल की है।

14 अगस्त को सौंपी गई चार्जशीट के अनुसार निगरानी की जांच में उन्हें आय से एक करोड़ 68 लाख 52 हजार 893 रुपये अधिक अर्जित करने के मामले में दोषी बताया गया है। मामला सामने आने पर उनपर 11 जुलाई 2013 को निगरानी थाने में एफआईआर की गई थी। वे पटना के दनियावां थाना के अरई बेनीपुर के निवासी हैं। उन्हें फरार करार देते हुए चार्जशीट दाखिल की गई है। तीस साल के सरकारी सेवा के दौरान उन्होंने अकूत संपत्ति अर्जित की है।

वैध स्रोत से उन्होंने 67 लाख 87 हजार, 172 रुपये कमाई की। जबकि उनकी कुल खर्च व निवेश दो करोड़ 36 लाख 40 हजार 65 रुपये किया। इस तरह उन्हें  एक करोड़ 68 लाख 52 हजार 893 रुपये अवैध तरीके से अर्जित की। उन्होंने राजगीर में कई जमीन के प्लॉट लिए। उन्होंने अपने व परिजनों के नाम पर पटना के कई बैंक खातों में राशि जमा किये। पटना के बहादुरपुर व दिल्ली के द्वारिका में कई फ्लैट खरीदी। निगरानी ने उनपर मुकदमा चलाने के लिए अभियोजन स्वीकृति प्राप्त कर ली है।