मर्जी के खिलाफ की है शादी तो भी पिता की संपत्ति में मिलेगा हिस्सा, ये रहा कानून

मर्जी के खिलाफ की है शादी तो भी पिता की संपत्ति में मिलेगा हिस्सा, ये रहा कानून

 
नई दिल्ली 

उत्तर प्रदेश के बरेली से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा ने अपने घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर दलित लड़के से शादी कर ली है. ऐसे कई मामलों में सवाल उठता है कि क्या घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी करने वालों को अपने पिता की संपत्ति में हिस्सा मिल सकता है?

बता दें कि साक्षी ने अजितेश कुमार से हिंदू मैरिज एक्ट 1956 के तहत शादी की है. इस एक्ट के तहत शादी करने वालों को हिंदू सक्सेशन एक्ट (अमेंडमेंट) 2005 के तहत अपने पिता की संपत्ति पर हिस्सा पाने का पूरा अधिकार है.

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य और एडवोकेट उपेंद्र मिश्रा के मुताबिक हिंदू सक्सेशन एक्ट में साल 2005 में संशोधन करके बेटी को भी बेटे के बराबर पैतृक संपत्ति का हिस्सेदार बनाया गया है. मतलब अगर पैतृक संपत्ति का बंटवारा होगा, तो बेटी को भी बेटे के बराबर हिस्सा मिलेगा. उनका कहना है कि अगर मर्जी के खिलाफ शादी करने पर पिता अपने बच्चों को संपत्ति से बेदखल करते हैं, तो वे कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं.

उन्होंने बताया कि हिंदू सक्सेशन एक्ट के तहत संपत्ति को दो श्रेणी में बांटा गया है. पहला वो संपत्ति जो खुद अर्जित की गई है और दूसरी वो संपत्ति जो पिता को अपने पूर्वजों से विरासत में मिली है यानी पैतृक संपत्ति. एडवोकेट उपेंद्र मिश्रा का कहना है कि पैतृक संपत्ति पर तो बेटे की तरह बेटी का भी पूरा अधिकार बनता है. पिता को अपनी पैतृक संपत्ति में बेटी और बेटा दोनों को बराबर हिस्सा देना होगा. उनका कहना है कि साक्षी को वो सभी अधिकार मिलेंगे, जो एक हिंदू लड़की को मिलते हैं.

इसके अलावा लॉ डिपार्टमेंट के असिस्टेंट प्रोफेसर राजेश दुबे का भी कहना है कि हिंदू सक्सेशन एक्ट (अमेंडमेंट) 2005 की धारा 6 में बेटी को बेटे के बराबर माना गया है यानी पैतृक संपत्ति पर जो अधिकार बेटा का है, वो अधिकार बेटी को भी है. उनका कहना है कि साक्षी को अपने पिता राजेश मिश्रा की पैतृक संपत्ति पर पूरा हिस्सा मिलेगा. हालांकि पिता चाहें तो खुद की अर्जित संपत्ति से अपने बच्चों को बेदखल कर सकते हैं, लेकिन पैतृक संपत्ति से उनका हक नहीं छीन सकते हैं.

आपको बता दें कि बरेली से बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी ने अपने परिजनों के खिलाफ जाकर दलित समाज से आने वाले अजितेश कुमार से शादी कर ली. आजतक से खास बातचीत में दोनों ने अपनी जान का खतरा बताया है. उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर अपनी सुरक्षा की मांग की है. हालांकि साक्षी के पिता बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा ने कहा कि उनकी ओर से बेटी को कोई खतरा नहीं है. वो जहां रहे खुश रहे.