भागलपुर और बांका का युवक मिला कोरोना पॉजिटिव, JLNMCH में अब 11 कोविड-19 संक्रमित

भागलपुर और बांका का युवक मिला कोरोना पॉजिटिव, JLNMCH में अब 11 कोविड-19 संक्रमित

भागलपुर 
भागलपुर में अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास में क्वारेंटाइन दो युवक शुक्रवार को जांच में कोरोना पॉजिटिव पाये गये। इनमें से एक युवक कजरैली का, जबकि दूसरा बांका जिले का रहने वाला है।  दोनों को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) के आइसोलेशन वार्ड में शुक्रवार की देर रात में भर्ती करा दिया गया। अस्पताल के मैनेजर सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों के भर्ती होने के साथ ही यहां पर भर्ती कुल कोरोना मरीजों की संख्या 15 हो गयी। इनमें से 11 कोरोना पॉजिटिव, दो कोरोना निगेटिव व एक कोरोना का संदिग्ध मरीज है।

तीन साथियों के साथ मुंबई से आया था युवक
35 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया युवक कजरैली क्षेत्र की विशन रामपुर पंचायत का रहने वाला है। वह मुंबई में मजदूरी करता था और खगड़िया जिले के तीन अन्य साथियों को लेकर 29 अप्रैल को पहले पैदल ही मुंबई से चला था। रास्ते में वाहन पर सवार होकर पांच मई को गोपालगंज पहुंचा। वहां से बस में सवार होकर छह मई को बरारी बस स्टैंड पहुंचा। यहां से वह दूसरी बस में सवार होकर छह मई को ही कजरैली पहुंच गया। वह पहले कजरैली पुलिस फिर विशन रामपुर पंचायत के मुखिया के करीबी अभय यादव के सहयोग से छह मई को ही रेफरल अस्पताल नाथनगर पहुंचाया गया, जहां से उसे अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास में बने क्वारंटाइन सेंटर में ले जाकर भर्ती करा दिया गया। जहां सात मई को सैंपल लेकर जांच के लिए जेएलएनएमसीएच भेजा गया। जहां जांच में वह कोरोना पॉजिटिव मिला।

मोजाहिदपुर पुलिस लेकर आई थी क्वारेंटाइन सेंटर
अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास में क्वारेंटाइन किये गये बांका जिले के कटोरिया क्षेत्र के कोरियंडा गांव निवासी 38 वर्षीय जो युवक कोरोना का शिकार मिला है, उसके पिता की मौत कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण के साथ हुई थी। उसे कोलकाता की जांच पर भरोसा नहीं था तो कोलकाता से निजी वाहन के जरिये भागलपुर के लिए चला। गाड़ी उसका ड्राइवर चला रहा था। छह मई को दोपहर करीब 12 बजे उसे भागलपुर की ओर आते देख मोजाहिदपुर पुलिस ने थाने के पास रोका और पूरी जानकारी ली। पुलिस ने सदर अस्पताल के हेल्थ मैनेजर को फोन कर सूचना दी और एंबुलेंस से अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास में बने क्वारंटाइन सेंटर पहुंचा दिया। गुरुवार को उसका सैंपल लेकर जांच के लिए मायागंज अस्पताल के कोरोना लैब भेज दिया गया, जहां शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजीटिव पाया गया। शुक्रवार की रात में उसे भी मायागंज अस्पताल के एमसीएच कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया।