बिहार सरकार ने पटना हाईकोर्ट को दी स्टेटस रिपोर्ट, कहा- लॉकडाउन में बाहर फंसे हुए हैं 17 लाख बिहारी, लाना संभव नहीं
पटना
लॉकडाउन में 17 लाख से ज्यादा बिहारी देश के अलग-अलग जगहों पर फंसे हैं। सभी को भोजन, राशन व तत्काल एक-एक हजार रुपये की मदद पहुंचाने का काम लगातार जारी है। बिहार सरकार ने यह स्टेटस रिपोर्ट गुरुवार को पटना हाईकोर्ट को दी है। इसमें राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन अवधि में कोटा या देश के किसी भी हिस्से में फंसे बिहारियों को वापस नहीं लाया जा सकता है। रिपोर्ट हाईकोर्ट के महानिबंधक कार्यालय को सौंपी गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने महानिबंधक को पत्र के जरिये यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि लॉकडाउन कानून व केंद्र सरकार की गाइडलाइन का सख्त अनुपालन राज्य सरकार कर रही है, जिसके तहत फंसे हुए किसी नागरिक को भी बिहार वापस नहीं लाया जा सकता है। हालांकि बाहर फंसे लोगों को समुचित भोजन व राशन के साथ प्रत्येक व्यक्ति को एक-एक हजार रुपये की विशेष सहायता देने एवं उन सभी की शिकायतों को सुनने के लिए टेलीफोन नंबर, हेल्पलाइन नंबर व मोबाइल एप तक भेजे जा रहे हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
