दिल्ली की तीन व पुणे के लिए एक और फ्लाइट बढ़ी, समर शेड्यूल जारी

दिल्ली की तीन व पुणे के लिए एक और फ्लाइट बढ़ी, समर शेड्यूल जारी

पटना 
पटना एयरपोर्ट प्रशासन ने 30 अप्रैल तक के लिए विमानों का नया शेड्यूल जारी कर दिया। 28 मार्च को जारी समर शेड्यूल के मुताबिक पटना से चंडीगढ़, सूरत, वाराणसी व जयपुर के लिए सीधी फ्लाइट अब नहीं है, जबकि पुणे के  लिए एक और फ्लाइट तथा दिल्ली रूट पर तीन विमान बढ़े हैं। नए शेड्यूल में एक दिन में 96 विमानों की पटना आवाजाही की जानकारी दी गई है। 

पटना एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट दिल्ली से सुबह 7.35 बजे आएगी। गोएयर की यह फ्लाइट पटना आने के बाद सुबह 8.05 बजे बेंगलुरु रवाना होगी।  दिन की अंतिम फ्लाइट इंडिगो की रात 11 बजे बेंगलुरु से आने के बाद बेंगलुरु के लिए ही रात 11.35 रवाना होगी।  नए शेड्यूल में भी पटना रांची के बीच विमान नहीं है। रांची जाने के लिए यात्रियों को पटना से कोलकाता जाना होगा।
 
होली के मौके पर मिथिलावासियों को इस साल बेहतर सौगात मिली है। दरभंगा एयरपोर्ट से 28 मार्च से तीन नई जगहों के लिए हवाई सेवा शुरू की गई है। स्पाइसजेट ने दरभंगा से कोलकाता, हैदराबाद और पुणे के लिए हवाई सेवा की शुरुआत की है। दरभंगा एयरपोर्ट से पूर्व से दिल्ली, मुंबई, बंगलुरु और अहमदाबाद के लिए पूर्व से ही फ्लाइट का परिचालन हो रहा है।

तीन नई जगहों के लिए फ्लाइट शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। यात्रियों की ओर से खासकर कोलकाता के लिए जल्द से जल्द हवाई सेवा शुरू किए जाने की मांग की जा रही थी। हालांकि इस खुशी के बीच एक निराशा वाली खबर यह भी है कि मुंबई के लिए प्रतिदिन अब एक ही फ्लाइट मिलेगी। इससे पूर्व दरभंगा से मुंबई के लिए दो फ्लाइट का परिचालन किया जा रहा था। स्पाइसजेट ने अब इसमें से एक फ्लाइट का परिचालन पुणे के लिए करने का निर्णय लिया है।