कोरोना से लड़ाई: पीएम मोदी के दीप जलाने के आह्वान को लेकर बिहार एनडीए में उत्साह, विपक्ष ने उठाए सवाल

कोरोना से लड़ाई: पीएम मोदी के दीप जलाने के आह्वान को लेकर बिहार एनडीए में उत्साह, विपक्ष ने उठाए सवाल

पटना 
रविवार को नौ बजे रात को दीपक, मोमबत्ती आदि जलाकर रोशनी करने के पीएम के आह्वान को लेकर एनडीए के नेता उत्साहित हैं। उन्होंने सभी लोगों से इस में शामिल होने की अपील की है। वहीं विपक्षी दलों ने इस पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि असल जरूरतों से ध्यान हटाने के लिए सिर्फ थाली-शंख और दीया-बाती की बात हो रही है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्पूर्ण बिहारवासियों से अपील किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पांच अप्रैल को रात नौ बजे सभी लोग अपने घरों की बत्तियां बंद कर दरवाजे या बालकोनी में नौ मिनट तक दीप, मोमबती, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर कोरोना महामारी के संक्रमण से बचाव में अपने संघर्ष की एकजुटता प्रदर्शित करें। इससे हमारी दृढ़ इच्छाशक्ति और मजबूत होगी और हमारा आत्मबल बढ़ेगा। 

रोशनी कर एकजुटता दिखाएं : चिराग
लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने आमलोगों से अपील की है कि 5 अप्रैल को छतो, बालकनी पर रोशनी किर एक जुटता दिखाएं।  उन्होंने प्रधानमंत्री के इस सूत्र का समर्थन करते हुए कहा है कि इससे एकजुटता दिखाकर कोरोना वायरस को हराया जा सकता है। उन्होंने पीएम को ट्वीट के माध्यम से भरोसा दिलाया है कि हम सब भारतवासी इस मुहिम में उनके साथ हैं। 

घरों की बत्ती बुझा कर टॉर्च, मोमबत्ती या मोबाइल की रोशनी कर देशवासी चट्टानी एकता को दिखाएंगे।  बिहारवासी भी 9 मिनट के लिए पीएम की अपील पर इस काम को अंजाम देंगे। 
-नित्यानंद राय, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री 

सरकार कोरोना के इस संकट की इस घड़ी में हर समय जनता के साथ है। जिनकी आंखों पर राजनीति का चश्मा चढ़ा है, उन्हें हर काम में राजनीति दिखती है। 
- नंद किशोर यादव,  मंत्री

देश को 18वीं शताब्दी में ले जा रहे पीएम : राजद 
राजद प्रवक्ता रामानुज प्रसाद व महासचिव भाई अरुण ने कहा है कि विश्व कोराना का वैक्सीन व इलाज ढूंढ़ने में लगा है और हमारे पीएम टार्च जलवा रहे हैं। पीएम तो देशवासियों को 18 वीं शताब्दी की ओर लेकर चले गए हैं। वहीं कांग्रेस नेता प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा, बत्ती बंद होने से एक और आपात स्थिति न पैदा कर दे। और लोगों को 5 अप्रैल रात्रि 9:00 बजे बिजली बंद कर 9 मिनट के लिए दिये जलाने का सुझाव दे दिया। उन्होंने कहा है कि पीएम के संबोधन की बात सामने आई तो देश को एक उम्मीद जगी कि कुछ बड़ी घोषणा करेंगे। गरीब व मध्यम वर्गीय जनता के लिए राहत उपलब्ध कराएंगे। यहां तक कि सभी मुख्यमंत्रियों को भी प्रधानमंत्री पर यह भरोसा था कि वे संबोधन में महामारी से बचाने के लिए संसाधन मुहैया कराएंगे। नीतीश कुमार तो ज्यादा आशान्वित थे कि उन्हें पीपी कीट वेंटीलेटर या जांच कीट उपलब्ध कराए जाएंगे। लेकिन वह जनता को किसी तांत्रिक बाबा के कहने पर टोटके का उपयोग कर रहे हैं।  
 
दीये नहीं, किट की जरूरत : आप  
आप प्रदेश प्रवक्ता चंद्र भूषण और पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार ने कहा है कि इस वक्त देश को दीये नहीं, बल्कि किट की जरूरत है।

दुनिया देखेगी हिन्दुस्तानियों का दम
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने दावा किया है कि  5 अप्रैल की रात 9 बजे दुनिया 130 करोड़ हिन्दुतानियों का दम देखेगी। रात 9 बजे, घर की सभी लाइटें बंद करके 9 मिनट तक अपने-अपने घरों के दरवाजों और खिड़कियों पर मोबाइल फ्लैश, टॉर्च, मोमबत्ती या दीप प्रज्ज्वलित हर भारतवासी करेगा। अपील की कि प्रधानमंत्री के इस आह्वान में शामिल होकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें। पूरे विश्व में ़फैल रहे कोरोना के अंधियारे के बीच आपसी एकजुटता व अनुशासन से हम लोगों ने जिस विश्वास की जोत को जलाया, उसकी लौ कम नहीं होनी चाहिए। प्रकाश की यह महाशक्ति दुनिया को हमारी एकता की ताकत का एहसास दिलाएगी।  भाजपा  मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा, मंत्री विजय सिन्हा, सांसद रामकृपाल यादव, अरुण सिन्हा, नितिन नवीन, संजीव चौरसिया ने भी दीप जलाने की अपील की है।