इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर को छात्र ने नंबर नहीं बढ़ाने पर जान से मारने की दी धमकी
भागलपुर
इंजीनियरिंग कॉलेज के सहायक प्रोफेसर मो. नादिर को छात्र ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। कहा है कि कॉपी में नंबर नहीं बढ़ाया गया तो गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा। पीड़ित प्रोफेसर ने इशाकचक थाना में मोजाहिदपुर थाना के सिकंदरपुर हरिजन टोला के छात्र धर्मेन्द्र कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
घटना एक सप्ताह पहले की है। लॉकडाउन के कारण प्रोफेसर कॉलेज के प्राचार्य को घटना की लिखित जानकारी नहीं दे सके थे। प्राचार्य के निर्देश पर इशाकचक थाना में छात्र के खिलाफ लिखित शिकायत की गई है। पूर्णिया जिले के अमौर थाना के गरहरा गांव के प्रो. नादिर इशाकचक थाना के बरेहपुरा ईदगाह लेन में किराए के मकान में रहते हैं।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 30 मार्च की शाम छात्र ने प्रोफेसर के मोबाइल पर कई बार कॉल किया, लेकिन आराम करने के कारण फोन रिसीव नहीं कर सके थे। बाद में फोन करने पर छात्र ने उठाया नहीं, लेकिन बाद में छात्र ने फोन कर प्रो. को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। कहा- कॉपी में तीन-चार नंबर देकर छात्रों के साथ गलत किया है। 15 दिनों के अंदर नंबर में अगर सुधार नहीं किया गया तो गंभीर परिणाम भुगतना होगा। छात्र ने मोबाइल नंबर 7545904612 और 7480995157 से घटना की शाम से देर रात तक धमकी दी है। कई आपत्तिजनक शब्दों का भी प्रयोग करते हुए गंदी-गंदी गालियां दी गई हैं।
प्रो. के साथ मारपीट कर पहले भी छीना गया था मोबाइल
प्रोफेसर ने कहा कि मई 2019 में प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा समाप्त होने के बाद पिछले साल 23 मई को कॉलेज से बायपास के रास्ते घर लौटने के दौरान चार बदमाशों ने मारपीट कर मोबाइल छीन लिया था। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लोदीपुर थाना में शिकायत की गई थी, लेकिन थाना पर बार-बार दौड़ने के बाद केस का सनहा नंबर नहीं दिया गया। फोन पर धमकी के दौरान आरोपी छात्र ने पिछली घटना का यादव दिलाते हुए कहा कि उस घटना को भी मेरे द्वारा ही की गई थी। प्रो. ने कहा कि पहले की घटना की पुलिस जांच नहीं कर सकी है। पूर्व की घटना की भी जांच कराई जाए। इशाकचक थाना के इंस्पेक्टर संजय कुमार सुद्धांशु ने कहा कि घटना की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
bhavtarini.com@gmail.com 
