अब ड्रग्स मामले में बड़े तस्करों की तलाश में एनसीबी, सुशांत केस में आरोपियों पर कसा शिकंजा
पटना
सुशांत सिंह मामले में जिन लोगों का नाम ड्रग्स के लेन-देन में सामने आया था, उनपर अब शिकंजा कसता जा रहा है। शनिवार को सुशांत के कर्मी दीपेश की गिरफ्तारी के बाद जांच की आंच रिया चक्रवर्ती तक भी पहुंच गयी है। कयास लगाये जा रहे हैं कि जल्द ही रिया पर भी कार्रवाई हो सकती है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार आरोपितों किा अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय कनेक्शन का पता लगा रही है।
सूत्रों की मानें तो एनसीबी बड़े तस्कर को पकड़ने की फिराक में है, जो मुंबई में ड्रग्स की खरीद-बिक्री करता है। एनसीबी सुशांत की मौत के मामले में ड्रग्स के कनेक्शन की एनडीपीएस कानून की आपराधिक धाराओं के तहत जांच कर रही है। गौरतलब है कि हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस मामले में उसके साथ एक रिपोर्ट साझा की थी। इस मामले में रिया भी मुख्य आरोपित है। एनसीबी की हिरासत में शोविक चक्रवर्ती तथा सैमुअल मिरांडा को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जायेगी।
इस दौरान कई दफन राज भी सामने आ सकते हैं। गौरतलब है कि इससे पहले इस मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए रिया के भाई शोविक चक्रवर्ती और सुशांत के हाउस मैनेजर रहे सैमुअल मिरांडा को अदालत ने नौ सितंबर तक एनसीबी की हिरासत में भेज दिया। शोविक और मिरांडा के अलावा एनसीबी ने जैद विलात्रा और आब्देल बासित परिहार को भी गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने री-क्रिएट किया क्राइम सीन
दूसरी ओर सीबीआई की टीम ने दोबारा सुशांत की मौत मामले में क्राइम सीन को री-क्रिएट किया। सीबीआई ऐसा पहले भी कर चुकी है। शनिवार को सीबीआई सुशांत के घर पहुंची। सीबीआई के साथ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टर भी थे। इसके अलावा सुशांत की बहन मीतू भी वहां पहुंची। बता दें कि परिवार वालों की तरफ से मीतू ने ही सबसे पहले सुशांत की डेड बॉडी देखी थी। इससे पहले तफ्तीश के दूसरे दिन घर में मौत के समय मौजूद सिद्धार्थ सहित चार लोगों के सामने क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया था। सिद्धार्थ पिठानी, नीरज और केशव को भी फिर से फ्लैट पर बुलाया गया था। ये सभी सुशांत की मौत वक्त वहां मौजूद थे।
bhavtarini.com@gmail.com 
