समस्तीपुर में अपहृत किशोरी की हत्या कर चौर में फेंका शव, 2 जनवरी को हुआ था अपहरण

समस्तीपुर में अपहृत किशोरी की हत्या कर चौर में फेंका शव, 2 जनवरी को हुआ था अपहरण

समस्तीपुर 
बिहार के समस्तीपुर जिले के बहिरा चौर एनएच-28 के किनारे मंगलवार को पानी में उपलाते शव को देखने के बाद लोगों में सनसनी फैल गयी। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। शव की पहचान सातनपुर निवासी रामउदगार राय की पुत्री अम्बिका कुमारी (14) उर्फ अम्बिका सोनी के रूप में की गयी है। उसका विगत दो जनवरी को ही अपहरण हुआ था। 

इस मामले में थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि किशोरी के अपहरण मामले में उसकी मां रंजू देवी ने एफआईआर दर्ज कराई थी जिसमें 2 जनवरी को गांव के ही तीन युवक पर अपहरण करने का आरोप लगाया था। थानाध्यक्ष के अनुसार मामले में आरोपियों की धरपकड़ करने के लिए छापेमारी की जा रही थी। इसी बीच मंगलवार को किशोरी को मृत अवस्था में बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि शव के ऊपर बायीं आंख के नीचे चोट के निशान है। 

इधर, किशोरी की पिता रामउदगार राय ने बताया कि 2 जनवरी को उनकी पुत्री कोचिंग में पढ़ने गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर काफी खोजबीन की।  उसी दौरान ग्रामीणों से पता चला कि तीनों आरोपित ने उसका अपहरण कर लिया है। इसके बाद उजियारपुर थाना में आवेदन दिया। पिता ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जतायी है।