लखनऊ और कोलकाता के लिए इंदौर से सीधी उड़ान बंद
इंदौर
कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण नहीं हो पाने से लोगों के आवागमन पर बार-बार लग रही बंदिशों के कारण उड्डयन के क्षेत्र पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। यात्रियों की संख्या में कमी आने से एयरलाइंस कंपनियों को काफी नुकसान हो रहा है। कई हवाई मार्गों पर बहुत कम यात्री मिल रहे हैं। इसी कारण हाल ही में घोषित समर शेड्यूल से इंदौर का कई शहरों और राज्यों से सीधा संपर्क टूट गया है, जबकि समर शेड्यूल से नई उड़ानों की उम्मीद की जा रही थी। अब इंदौर का उत्तरप्रदेश और पश्चिम बंगाल का सीधा जुड़ाव ही खत्म हो गया है, जबकि जयपुर उड़ान बंद होने से राजस्थान की राजधानी से भी सीधा जुड़ाव टूट गया है।
वैसे तो समर शेड्यूल में उड़ान कंपनियों ने 26 अक्टूबर तक इंदौर से 44 नई उड़ानें शुरू करने की अनुमति नागरिक उड्डयन विभाग के महानिदेशक (डीजीसीए) से ली है। 28 मार्च से लागू हुए समर शेड्यूल में इंदौर से लखनऊ, कोलकाता, जयपुर के साथ शिरडी उड़ान को भी बंद कर दिया है। जानकारी के अनुसार शिरडी उड़ान को पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे थे। कंपनी ने सप्ताह में 6 दिन चलने वाली इस उड़ान को सप्ताह में तीन दिन भी चलाया। इसके अलावा तीन दिन इसे अहमदाबाद के लिए भी चलाया, फिर भी पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे थे। इसी तरह जयपुर, कोलकाता और लखनऊ के लिए भी यात्री नहीं मिलने से एयरलाइंस को घाटा हो रहा था।
bhavtarini.com@gmail.com 
