रघुवंश प्रसाद सिंह को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया
पटना
बिहार के सीनियर लीडर रघुवंश प्रसाद सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई है. इलाज के लिए उन्हें दिल्ली एम्स में एडमिट किया गया है. बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आरजेडी से एक पन्ने का इस्तीफा देकर सुर्खियों में आए दिग्गज नेता रघुवंश प्रसाद सिंह वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं. सूत्रों की मानें तो शुक्रवार देर रात उनकी तबीयत बिगड़ी. उनके शरीर में रक्त संचार नहीं होने की शिकायत हो रही थी. फिलहाल, दिल्ली एम्स में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. जानकारी के मुताबिक, रघुवंश प्रसाद सिंह पिछले दिनों कोरोना से संक्रमित हो गए थे. सिंह को पटना एम्स में भर्ती कराया गया था.
लगभग 20 दिनों बाद उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया. पटना एम्स से डिस्चार्ज होने के कुछ दिन में उन्हें सांस लेने में फिर से दिक्कत शुरू हो गई. पटना से वे दिल्ली आ गए और यहां एम्स में भर्ती हो गए. बीते 10-12 दिनों से सांस लेने में उनको तकलीफ हो रही थी. बाद में निमोनिया भी हो गया है. बीती रात 12 से 1 बजे के बीच उनको वेंटिलेटर पर रखा गया. रघुवंश प्रसाद सिंह के करीबी हर्ष ने कहा है कि डॉक्टरों ने प्रिकॉशनरी वेंटिलेटर पर रखा है. दो दिन और रघुवंश प्रसाद सिंह वेंटिलेटर पर रहेंगे.
आरजेडी से दिया था इस्तीफा
मालूम हो कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने कुछ दिन पहले की आरजेडी से इस्तीफा था. दिल्ली एम्स में भर्ती रघुवंश प्रसाद सिंह ने अपना इस्तीफा एक सामान्य पन्ने पर लिखकर भेजा था. इसमें उन्होंने आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को संबोधित करते हुए लिखा था कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के निधन के बाद 32 वर्षों तक आपके पीछे-पीछे खड़ा रहा, लेकिन अब नहीं. पार्टी नेता, कार्यकर्ता और आमजनों ने बड़ा स्नेह दिया. मुझे क्षमा करें.
बता दें कि रघुवंश प्रसाद सिंह राजद में रामा सिंह की एंट्री की खबरों को लेकर नाराज चल रहे थे और उन्होंने इसका पुरजोर विरोध भी किया था. यही कारण है कि रामा सिंह को अभी तक राजद में जगह नहीं मिल सकी है. रघुवंश प्रसाद सिंह ने न्यूज़ 18 से फोन पर बातचीत में कहा था कि हमने एक बार जो फैसला कर लिया तो उससे पीछे नहीं हट सकते हैं. हमने न तो कभी अपने सिद्धांतों से समझौता किया है और न ही आगे करेंगे.
bhavtarini.com@gmail.com 
