प्रशांत किशोर के घर पर चला बुल्‍डोजर, चहारदीवारी तोड़ी 

प्रशांत किशोर के घर पर चला बुल्‍डोजर, चहारदीवारी तोड़ी 

 बक्‍सर 
बिहार के बक्‍सर में प्रशासन ने चुनावी रणनीतिकार और जनता दल यूनाइटेड के पूर्व नेता प्रशांत किशोर के पुश्‍तैनी घर की चहारदीवारी तोड़ दी है। इसी के साथ घर के ब्रह्म स्‍थान को भी तोड़ दिया गया है। प्रशासन ने इस कार्रवाई के बाद खाली हुई जमीन कब्‍जे में ले ली है। इस बारे में फिलहाल प्रशांत किशोर की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 

मिली जानकारी के अनुसार एनएच-84 को फोर लेन बनाए जाने के लिए आजकल जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में प्रसिद्ध चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के पुश्‍तैनी घर का कुछ हिस्‍सा अधिग्रहित किया गया है। शुक्रवार को बुल्‍डोजर के साथ पहुंचे अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रशांत किशोर के घर की चहारदीवारी और ब्रह्म स्‍थान को ध्‍वस्‍त करा दिया। 

बक्‍सर में प्रशांत किशोर के घर सरकारी अमला पहुंचते ही वहां आसपास के लोगों की काफी भीड़ जुट गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया और 10 से 15 मिनट के अंदर कार्रवाई पूरी कर ली गई। प्रशांत किशोर के घर की चहारदीवारी और गेट को तोड़ दिया गया। इसके बाद ब्रह्मस्‍थान पर बुल्‍डोजर चला। इस दौरान किसी ने इस पूरी कार्रवाई का कोई विरोध नहीं किया। हालांकि कार्रवाई के दौरान जुटे लोगों के बीच अधिकारियों ने अपनी ओर से चहारीदवारी और गेट तोड़े जाने की वजह स्‍पष्‍ट कर दी थी।