प्रभारी मंत्री के साथ मिलकर जिले के विकास को नई गति देंगे – मंत्री पटेल
भोपाल
हरदा जिले के प्रभारी और जल-संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के साथ मिलकर विकास की नई इबारत लिखेंगे। किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। बैठक में प्रभारी मंत्री सिलावट ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिये।
कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि जल-संसाधन मंत्री सिलावट के हरदा जिले के प्रभारी मंत्री बनने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग और जल-संसाधन विभाग मिलकर जिले के किसानों की आर्थिक स्थिति को और बेहतर बनाने तथा जिले का कृषि उत्पादन और बढ़ाने का कार्य करेंगे। दोनों विभाग मिलकर हरदा जिले को आदर्श विकसित जिला बनायेंगे। पटेल ने कहा कि मण्डी निधि से जिले की सड़कों की स्थिति सुधारी जायेगी। उन्होने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गत दिनों ‘‘आपकी समस्या का हल आपके घर’’ अभियान चलाकर नागरिकों की समस्याओं का घर बैठे निराकरण करने का सराहनीय प्रयास किया गया है। किसानों एवं ग्रामीणों को अब समस्याओं के निराकरण के लिये कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पडेंगे, बल्कि उन्हें घर बैठे सरकारी सेवाएँ उपलब्ध कराने के प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना में हरदा जिले में सर्वे का कार्य देश में सबसे पहले पूर्ण हुआ।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने जल-संसाधन विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे कार्यालयों में बैठने के स्थान पर क्षेत्र का दौरा करें और तालाबों और नहरों का मौके पर निरीक्षण करें। उन्होने जल-संरचनाओं के आसपास के अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिये। सिलावट ने हरदा जिले में शत-प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन कराने के लिये मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिये कि जिला अस्पताल में हर सप्ताह विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाये। सिलावट ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना तथा अन्नपूर्णा योजना के तहत गरीबों को मिलने वाले निःशुल्क खाद्यान्न वितरण कार्य की भी बैठक में समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोविड की दूसरी लहर के दौरान अनाथ हुए बच्चों के कल्याण के लिये सरकार द्वारा संचालित योजना को बेहतर ढंग से जिले में लागू करें। सिलावट ने कोरोना से मृत अधिकारी-कर्मचारियों के परिवार के सदस्य को अनुकम्पा नियुक्ति एक माह की समय-सीमा में दिलाने के निर्देश भी दिये।
मंत्रीद्वय ने निरीक्षण के साथ किया पौध-रोपण
कृषि मंत्री पटेल ने प्रभारी मंत्री सिलावट के साथ जिला अस्पताल का निरीक्षण कर बेहतर उपचार के लिये निर्देश दिये। मंत्रीद्वय ने निर्देशित किया कि कोरोना के उपचार के साथ ही तीसरी लहर को रोकने के लिये सभी संभावित आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला अस्पताल और कलेक्ट्रेट परिसर में पौध-रोपण भी किया और हरदा शहर में स्थित अमर शहीद गैलरी पहुँचकर शहीदों का नमन किया। नेहरू युवा केन्द्र ने मंत्रीद्वय का स्वागत कर संविधान उद्देशिका भेंट की।
bhavtarini.com@gmail.com 