नीतीश ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, कल शाम 4.30 पर लेंगे शपथ

नीतीश ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, कल शाम 4.30 पर लेंगे शपथ
पटना, बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन को लेकर कवायद तेज है। जिस तरह से गठबंधन में बीजेपी बड़ी पार्टी के रूप में आई है सरकार गठन में उनकी भूमिका भी अहम होगी। इसको लेकर पार्टी सजग है। इसी बीच नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया। नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस बीच राजनाथ, देवेंद्र फडणवीस और सुशील मोदी राजभवन पहुंचे हैं। राज्यपाल से मुलाकात के बाद राजनाथ सिंह से जब बिहार के डिप्टी सीएम को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से मना कर दिया। डिप्टी सीएम को लेकर सस्पेंस बरकरार है। एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने 126 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा। इस दौरान उनके साथ बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय जायसवाल, पूर्व सीएम और HAM के मुखिया जीतनराम मांझी, VIP अध्यक्ष मुकेश सहनी भी मौजूद रहे। तारकिशोर प्रसाद को चुना गया बीजेपी विधायक दल का नेता पटना में सीएम आवास पर एनडीए की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इस बीच तारकिशोर प्रसाद को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है। वहीं उप नेता के तौर पर रेनू देवी का नाम फाइनल हुआ है। 16 नवंबर को राजभवन में सातवीं बार मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार शपथ ग्रहण करेंगे। उनके साथ मंत्रिमंडल के 16 सदस्य भी शपथ लेंगे। इनमें वीआईपी और हम घटक दल के भी एक-एक सदस्य मंत्री पद की शपथ लेंगे।