पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने 8वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, 96.51% विद्यार्थी पास

पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने 8वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, 96.51% विद्यार्थी पास

मोहाली।  पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने 8वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष 10,422 स्कूलों के 2,62,966 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 2,53,789 विद्यार्थी पास हुए। कुल पास प्रतिशत 96.51 रहा।

घोषित परिणाम के अनुसार फरीदकोट के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जैतो की छात्रा तमन्ना ने 600 में से 600 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। संगरूर के सरकारी मिडिल स्कूल अर्कवास की जपनीत कौर ने 598 अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

वहीं तीसरे स्थान पर फरीदकोट के संत मोहन दास मेमोरियल स्कूल, कोट सुखिया की जशनदीप कौर रहीं, जिन्होंने भी 598 अंक हासिल किए। समान अंक होने की स्थिति में कम आयु वाले विद्यार्थी को वरीयता दी गई।

बोर्ड के चेयरमैन डाॅ. अमरपाल सिंह ने बताया कि इस बार परीक्षाएं अधिक पारदर्शिता और सख्ती के साथ आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि भविष्य में परीक्षा प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए पाठ्यक्रम और प्रश्नपत्रों में सुधार किए जाएंगे।
विद्यार्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य पोर्टल्स पर देख सकते हैं। जो छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो सके, उनके लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा जून 2026 में आयोजित की जाएगी।