अजमेर में बनेगा पासपोर्ट सेवा केन्द्र, वीजा को बनाया जायेगा सरल

अजमेर में बनेगा पासपोर्ट सेवा केन्द्र, वीजा को बनाया जायेगा सरल

अवैध बांग्लादेशियों से अजमेर में बढ़ रही समस्या का भी होगा समाधान

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। देवनानी ने जयशंकर से इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान अजमेर के पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट केन्द्र को पासपोर्ट सेवा केन्द्र में क्रमोन्‍नत किये जाने, बांग्लादेश में हिन्दुओं के प्रति हो रहे दुर्व्यवहार, अजमेर में बढ़ते बांग्लादेशियों से बन रही समस्याओं से निजात दिलाने और वीजा के सरलीकरण किये जाने का अनुरोध किया। देवनानी को विदेश मंत्री ने इन सभी पर शीघ्र कार्यवाही किये जाने का भरोसा दिलाया।

अजमेर से विदेश जाने वालों की संख्या अधिक

देवनानी ने जयशंकर को बताया कि अजमेर ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से समृद्ध है। पुष्कर तीर्थ, सूफी संत मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह, एएसआई स्मारकों, किशनगढ़ में उच्च श्रेणी की संगमरमर की खदानों और अजमेर क्षेत्र के एनआरआई समुदाय के कारण अजमेर ने विश्व के पर्यटन मानचित्र पर गौरवपूर्ण स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि अजमेर स्थित वर्तमान डाकघर पासपोर्ट सेवा केन्द्र में प्रतिदिन 80 औसत बुकिंग होती है, जिन्हें न्यूनतम 20 दिन का प्रतीक्षा समय दिया जाता है। जो कार्य की अधिकता के कारण लगभग 60 दिन तक बढ़ जाता है। अजमेर से विदेशों में जाने वाले लोगों की संख्या अधिक है। अजमेर के अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते हुए प्रदर्शन को पूरा करने में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट केन्द्र अपर्याप्त सिद्ध हो रहा है. जिसके कारण क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, जयपुर द्वारा भी अजमेर में बार-बार शिविर लगाये जाने की आवश्यकता पड़ती है।

अजमेर में बनेगा पासपोर्ट सेवा केन्द्र- देवनानी ने कहा कि वर्तमान डाकघर व्यवस्था को पूर्ण पासपोर्ट कार्यालय में अपग्रेड किया जाए ताकि स्थानीय लोगों और अंतरराष्ट्रीय यातायात की जरूरतों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि इससे यहां के व्यवसाय के मामले में भी उत्तरोतर प्रगति हो सकेगी। इससे न केवल जयपुर कार्यालय पर काम का बोझ कम होगा बल्कि बड़ी संख्या में लोगों को अनावश्यक सड़क यात्रा से भी छुटकारा मिल सकेगा। इन परिस्थितियों में अजमेर स्थित कार्यालय और बुनियादी ढांचे को उन्नत करने के लिए तत्काल कदम उठाएं जानेका अनुरोध करते हुए देवनानी ने विदेश मंत्री से कहा कि इससे लोगों को अपने निकटतम स्थान पर भारत सरकार की पासपोर्ट और अन्य संबंधित अनिवार्य सेवाएं आसानी से मिल सकेगी।

अवैध बांग्लालदेशियों से अजमेर में बढ़ रही समस्या का भी होगा समाधान

देवनानी ने विदेश मंत्री से बांग्लादेश में हिन्दुओं के प्रति हो रहे दुर्व्यवहार पर गहरी चिन्ता व्यक्त की। देवनानी ने अजमेर में अवैध बांग्‍लादेशियों से बढ़ रही समस्याओं के समाधान का मार्ग भी निकालने का विदेश मंत्री से आग्रह किया।

वीजा को बनाया जायेगा सरल

देवनानी ने विदेश मंत्री को बताया कि वीजा को सरल बनाया जाये। उन्होंने कहा कि हाल ही उनकी जापान यात्रा के दौरान भारतीयों ने जापान में वीजा में आ रही तकनीकी समस्याओं का जिक्र किया था। देवनानी ने इसके समाधान के लिए भी विदेश मंत्री से अनुरोध किया।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूज, गूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2, टवीटर, टवीटर 1, इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1, कू ऐप  यूटयूब चैनल  से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट, देखें-  मप्र समाचार, छत्तीसगढ समाचार, उडीसा समाचार, राजस्थान समाचार, पंजाब समाचार, उप्र समाचार, खेल समाचार, धर्म समाचार, कैरियर समाचार, बिजनेस समाचार