डेगाना की स्कूलों में दरी पट्टियों की खरीद में अनियमितताओं की जांच कर कार्रवाई करेंगे: पंचायती राज मंत्री

डेगाना की स्कूलों में दरी पट्टियों की खरीद में अनियमितताओं की जांच कर कार्रवाई करेंगे: पंचायती राज मंत्री

जयपुर। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि विधानसभा क्षेत्र डेगाना के राजकीय विद्यालयों के लिए दरी पट्टियों की खरीद में अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस संबंध में तत्कालीन बीईओ को निलंबित करने की भी घोषणा की। 

पंचायती राज मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक अजय सिंह द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जनवरी 2019 से दिसंबर 2023 के बीच डेगाना विधानसभा क्षेत्र की स्कूलों के लिए लगभग 35 लाख रुपये की दरी पट्टियां खरीदी गई थीं। उस समय के तत्कालीन विधायक द्वारा स्कूलों में दरी पट्टियां उपलब्ध कराने की सिफारिश की गई थी।

मंत्री दिलावर ने कहा कि जांच में सामने आया है कि दरी पट्टियों के स्थान पर फर्श खरीदे गए। रिकॉर्ड के अनुसार 288 फर्श विद्यालयों तक पहुंचे हैं, जबकि 171 फर्श के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के इस प्रकरण में राजकीय धन में भ्रष्टाचार हुआ है। 

इससे पूर्व मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में पंचायती राज मंत्री ने  प्रारम्भिक शिक्षा के अंतर्गत जनवरी 2019 से 31 दिसंबर 2023 तक की अवधि में डेगाना विधानसभा क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में सत्र 2022-23 के दौरान छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए खरीदी गई दरी/दरी पट्टियों का विवरण सदन के पटल पर रखा।