चक्रधर समारोह में कबड्डी का रोमांच, 25 टीमों ने दिखाया दमखम
रायपुर, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह में इस बार कला-संस्कृति के साथ खेल प्रतिभाओं को भी मंच मिल रहा है। रायगढ़ के मोती महल परिसर में 19 सितंबर से शुरू हुई तीन दिवसीय जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में जिले की 25 टीमें अपना दमखम दिखा रही हैं। इनमें 14 पुरुष और 11 महिला टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता का समापन 21 सितंबर को होगा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलन और फीता काटकर किया। पहले दिन पुरुष वर्ग में सारंगढ़ जनपद और जिंदल रायगढ़ के बीच मुकाबला हुआ, जबकि महिला वर्ग में पुसौर और खरसिया की टीमों ने जोरदार खेल का प्रदर्शन किया। मैदान में खिलाड़ियों के शानदार दांव-पेंच और जोश ने दर्शकों में खासा उत्साह पैदा किया। खिलाड़ी पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबलों में उतरे।
कबड्डी-कुश्ती हमारी मिट्टी से जुड़े खेल
शुभारंभ अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कबड्डी और कुश्ती हमारी मिट्टी से जुड़े पारंपरिक खेल हैं। राजा चक्रधर सिंह ने भी इन खेलों को प्रोत्साहित किया था। चक्रधर समारोह के माध्यम से पारंपरिक खेलों को व्यापक मंच मिलना रायगढ़ की खेल परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने युवाओं से खेल को मनोरंजन के साथ करियर के अवसर के रूप में देखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं के जीवन में स्क्रीन टाइम बढ़ रहा है। मैदान से जुड़ाव बढ़ाकर मोबाइल और स्क्रीन टाइम को कम किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं के साथ अभिभावकों को भी वॉक, योग और हल्के व्यायाम जैसी गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के माध्यम से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। सांसद ने खिलाड़ियों से आपसी प्रेम, सम्मान और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
खेल सिखाता है टीम भावना और अनुशासन
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि कबड्डी मुश्किल परिस्थितियों में भी शांत रहकर सही निर्णय लेने की सीख देता है। यह खेल टीम भावना, अनुशासन और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना विकसित करता है। नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मैदान पर हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खिलाड़ी का प्रयास, जोश और खेल भावना है।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में खरसिया जनपद, कबड्डी संघ, नगर निगम रायगढ़, तमनार, बरमकेला, धरमजयगढ़, लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा, रायगढ़ और सारंगढ़ जनपद के साथ राजा चक्रधर, जिंदल फाउंडेशन तथा पुलिस विभाग की टीमें हिस्सा ले रही हैं। महिला वर्ग में अदानी फाउंडेशन, रायगढ़, जिंदल फाउंडेशन रायगढ़, पुसौर, खरसिया, लैलूंगा, तमनार, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, जिंदल फाउंडेशन तमनार तथा नगर निगम रायगढ़ की टीमें शामिल हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 