जल जीवन मिशन से बदली ग्राम चवरिया की तस्वीर

जल जीवन मिशन से बदली ग्राम चवरिया की तस्वीर

भोपाल, मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के थांदला विकासखंड का छोटा सा आदिवासी ग्राम चवरिया आज ग्रामीण परिवर्तन की एक प्रेरक मिसाल बनकर उभरा है। कभी जहां पेयजल की उपलब्धता गांववासियों के लिए दैनिक संघर्ष का विषय थी, वहीं आज जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से गांव के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।

गांव की महिलाओं के लिए पानी जुटाना जीवन का सबसे कठिन कार्य था। प्रतिदिन कई किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। इस प्रक्रिया में न केवल उनका समय और श्रम व्यय होता था, बल्कि परिवार और बच्चों की देखभाल सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी प्रभावित होते थे। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में यह चुनौती और अधिक बढ़ जाती थी।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम चवरिया में पाइप आधारित जल प्रदाय व्यवस्था विकसित किए जाने के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है। अब गांव के सभी 79 परिवारों में नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है और महिलाओं को पानी की चिंता से मुक्ति मिली है।

गांव की महिलाओं का कहना है कि अब उनके पास बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने, घरेलू कार्यों को व्यवस्थित ढंग से करने तथा कृषि गतिविधियों में सहयोग देने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध है। पहले जो समय पानी लाने में व्यतीत होता था, वह अब परिवार और आजीविका से जुड़े कार्यों में लग रहा है। इससे उनके जीवन में सुविधा के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

जल जीवन मिशन ने केवल पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य नहीं किया, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित किए हैं। गांव में जल प्रदाय व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव से जुड़े कार्यों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।

ग्राम चवरिया की कहानी इस बात का प्रमाण है कि आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता किस प्रकार ग्रामीण जीवन में व्यापक और सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। स्वच्छ पेयजल की सहज उपलब्धता ने गांव में स्वास्थ्य, स्वच्छता, समय प्रबंधन और सामाजिक सशक्तिकरण के नए आयाम स्थापित किए हैं।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के माध्यम से किए जा रहे प्रयास प्रदेश के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक विकास की धारा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ग्राम चवरिया आज इसी परिवर्तन का जीवंत उदाहरण है, जहां नल से जल की सुविधा ने लोगों के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाया है।