संसदीय कार्य मंत्री की उपस्थिति में जोधपुर में ट्रांसपोर्ट एवं ऑटोमोबाइल मार्केट नगर योजना की लॉटरी निकाली

संसदीय कार्य मंत्री की उपस्थिति में जोधपुर में ट्रांसपोर्ट एवं ऑटोमोबाइल मार्केट नगर योजना की लॉटरी निकाली

जयपुर। जोधपुर विकास प्राधिकरण की ट्रांसपोर्ट एवं ऑटोमोबाइल मार्केट नगर योजना, मोगड़ा का लॉटरी कार्यक्रम शनिवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह एवं जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी भी उपस्थित रहे।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार वर्ष 2030 तक राजस्थान की जीडीपी को 350 बिलियन डॉलर करने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेन्ट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिसमें से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। आज  सूर्यनगरी के औद्योगिक विकास में नया अध्याय जुड़ गया है।

राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ ऑटोमोबाइल हब बनकर उभरेगा

पटेल ने कहा दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस—वे को भारतमाला से जोड़ने की डीपीआर बन रही है। ऑटोमोबाइल नगर जोधपुर - पाली - मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र पर अवस्थित होने के कारण  राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ ऑटोमोबाइल हब बनकर उभरेगा।

उन्होंने कहा कि इस योजना से शहर में बढ़ते  ट्रैफिक दबाव को कम करने एवं बासनी औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट एवं ऑटोमोबाइल व्यवसाय के कारण एम्स, जोधपुर के आस-पास के मार्गों पर परिवहन वाहनों की पार्किंग एवं आवागमन से हो रहे प्रदूषण और यातायात प्रबन्धन में हो रही असुविधा का समुचित समाधान होगा।