दतिया उपचुनाव: भाजपा ने नरोत्तम को दिया बड़ा झटका, आशुतोष तिवारी को टिकट
भोपाल। भाजपा ने मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उप चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने नरोत्तम मिश्रा को बड़ा झटका देते हुए आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने दतिया सीट पर उप चुनाव के लिए आशुतोष तिवारी के नाम पर मुहर लगाई।
दतिया सीट से बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा, मैं छोटा सा कार्यकर्ता हूं, मुझे पार्टी ने टिकट दिया है इसके लिए मैं पार्टी का आभार व्यक्त करता हूं। नरोत्तम मिश्रा हमारे वरिष्ठ नेता हैं, वो हमारे साथ है और प्रचार भी करेंगे।
राजेंद्र भारती की सदस्यता निलंबित होने के बाद उपचुनाव
मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर राजेंद्र भारती की सदस्यता निलंबित किए जाने के बाद यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा को मात दी थी।
जानिए आशोतोष तिवारी के बारे में
आशुतोष तिवारी बीजेपी के युवा रणनीतिकार माने जाते हैं। वो बीजेपी के मध्य प्रदेश संगठन के सक्रिय और प्रमुख पदाधिकारियों में शामिल हैं। संगठन को मजबूत करने की पहल में उनका भी अहम योगदान माना जाता है। जमीनी स्तर पर संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और विभिन्न अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका और को-ऑर्डिनेट करने की क्षमता को देखते हुए उन्हें बीजेपी में प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई। आशुतोष तिवारी लंबे वक्त से भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वैचारिक और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।
भाजपा के अलग-अलग प्रकोष्ठों में कर चुके हैं काम
प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी के रूप में उनके जिम्मे बीजेपी के अलग-अलग प्रकोष्ठों- जैसे चिकित्सा, विधि, व्यापार, आईटी, पर्यावरण, सहकारिता और अन्य विषयगत प्रकोष्ठों के कार्यों का को-ऑर्डिनेशन, संगठन विस्तार और गतिविधियों की निगरानी की जिम्मेदारी है। उनका उद्देश्य इन प्रकोष्ठों को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़ते हुए पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाना है।
संगठन में उन्हें एक शांत, अनुशासित और रिजल्ट ओरिएंटेड कार्यकर्ता के रूप में देखा जाता है। वे पर्दे के पीछे रहकर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए जाने जाते हैं।
30 जुलाई को वोटिंग होगी
चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक दतिया उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोटिंग होगी। 13 जुलाई नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख है। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी और प्रत्याशी के नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 16 जुलाई है। उपचुनाव के नतीजे 3 अगस्त को आएंगे।
bhavtarini.com@gmail.com

