2 अगस्त को गुनौर में कांग्रेस का ट्रैक्टर महा-रैली से होगा शंखनाद, बैठक आयोजित

2 अगस्त को गुनौर में कांग्रेस का ट्रैक्टर महा-रैली से होगा शंखनाद, बैठक आयोजित

nadeem khan
गुनौर। मध्यप्रदेश के किसानों के हक और अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस आगामी अगस्त महीने में एक बड़ा आंदोलन करने जा रही है। भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों, खाद-बीज के गंभीर संकट, अघोषित बिजली कटौती और कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चैहान का आगामी 1 या 2 अगस्त को गुनौर ब्लॉक मुख्यालय में एक विशाल जिला स्तरीय दौरा और ऐतिहासिक कार्यक्रम होने जा रहा है। इस महा-कार्यक्रम और ऐतिहासिक ट्रैक्टर महा-रैली की तैयारियों को लेकर 19 जुलाई को दोपहर 1 बजे से गुनौर के सुंदरम वाटिका में एक अति-आवश्यक जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई। यह बैठक मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला संगठन प्रभारी राजभान सिंह एवं जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के अध्यक्ष अनीस खान के दिशा-निर्देशन में आयोजित की गई। बैठक में किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सेवालाल पटेल की अगुवाई में आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से श्री सेवालाल पटेल जिला अध्यक्ष, किसान कांग्रेस, अरुण कुमार गौतम, संजय तिवारी, जीवन लाल सिद्धा, धर्मराज कश्यप, कुलदीप राजा सुशील विश्वकर्मा सहित जिला व ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और अपने विचार रखे। बैठक को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि मौजूदा सरकार में किसान पूरी तरह बेहाल है। आगामी 2 अगस्त को होने वाली ट्रैक्टर महा-रैली इस गूंगी-बहरी सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम करेगी। किसान कांग्रेस ने सभी कार्यकर्ताओं, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों और बूथ स्तर के जांबाज साथियों से अपील की है कि वे पूरी ताकत के साथ इस आंदोलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए मैदान में उतरें।