रेलवे ट्रैक पर मृत मिला वयस्क तेंदुआ, वन विभाग ने शुरू की जांच

रेलवे ट्रैक पर मृत मिला वयस्क तेंदुआ, वन विभाग ने शुरू की जांच

nadeem khan
पन्ना। दक्षिण वनमंडल पन्ना के रैपुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत रतनगांव के समीप रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह एक वयस्क तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी रेलवे के ट्रैक अनुरक्षण कर्मियों ने वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की टक्कर से तेंदुए की मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक पड़ताल की जा रही है। वन विभाग की टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों और रेलवे ट्रैक अनुरक्षण कर्मियों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान डॉग स्क्वाड की भी सहायता ली गई, जिसने घटनास्थल और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। वन अधिकारियों के अनुसार अब तक मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर तेंदुए की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई प्रतीत होती है। हालांकि, किसी भी अन्य संभावना से इनकार नहीं किया गया है और सभी पहलुओं की जांच जारी है। वन विभाग ने बताया कि नियमानुसार पंचनामा, पोस्टमार्टम और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद वन विभाग रेलवे ट्रैक के आसपास वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।