नीतीश मंत्रिमंडल का कल होगा विस्तार, 23 नए मंत्री बनाये जा सकते है
पटना
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गतिविधियां एक बार फिर से तेज हो गई है। दरअसल बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सांसद और बिहार बीजेपी प्रभारी भूपेंद्र यादव के पटना पहुंचने के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थी कि 31 जनवरी के पहले नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। लेकिन 31 जनवरी के बाद अब यह तय हो गया है कि कल यानी मंगलवार 9 फरवरी को नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजभवन में शुरू हुई तैयारी
नीतीश मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजभवन में तैयारी शुरू कर दी गई है। राजभवन के सूत्र ने बताया कि फिलहाल मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्रियों के शपथग्रहण का समय निर्धारित नहीं हुआ है। लेकिन संभावना जतायी जा रही है कि दोपहर बाद नीतीश के मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। राजभवन के सूत्र ने यह भी जानकारी दी कि फिलहाल कितने विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे, इसकी सूची भी राजभवन नहीं पहुंची है। बता दें कि नीतीश मंत्रिमंडल में अभी 23 मंत्री और बनाए जा सकते हैं। गौरतलब है कि 19 नवंबर को बिहार के शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी ने पदग्रहण करने के दो घंटे बाद ही इस्तीफा दे दिया था। इस लिहाज से नीतीश मंत्रिमंडल में फिलहाल 23 और मंत्री बनाए जा सकते हैं।
बीजेपी कोटे से इन्हें किया जा सकता है नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल
बीजेपी की ओर से इस बार नीतीश मंत्रिमंडल के विस्तार में कई पूर्व मंत्रियों का पत्ता साफ हो सकता है। सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार बीजेपी इस बार युवाओं को ज्यादा मौका देना चाहती है। सूत्र ने यह भी बताया कि बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, अंतरराष्ट्रीय शूटर और जमुई से बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह को नीतीश मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसके अलावा पूर्व मंत्री और झंझारपुर के विधायक नीतीश मिश्रा और दरभंगा के विधायक संजय सरावगी के साथ बरौली के विधायक रामप्रवेश राय को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
जदयू कोटे के श्रवण कुमार का नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल होना लगभग तय
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और नालंदा से जेडीयू विधायक श्रवण कुमार को फिर से नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना लगभग तय है। इसके साथ ही एनडीए को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक सुमित सिंह के मंत्री बनने की भी प्रबल संभावना है। नीतीश कुमार इन दिनों लव-कुश समीकरण को ताकतवर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसी के तहत हरलाखी विधायक सुधांशु शेखर को भी नीतीश मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। बताया जा रहा है कि एमएलसी नीरज कुमार को उनके पुराने विभाग के साथ नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है। इनके अलावा मदन सहनी और दामोदर राउत के साथ भोरे विधानसभा क्षेत्र से जीत कर आए पूर्व आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा हो रही है।
bhavtarini.com@gmail.com 
