दिल्ली में गठबंधन पर सस्पेंस बाकी, अब आप का कांग्रेस को नया फॉर्म्युला

 दिल्ली में गठबंधन पर सस्पेंस बाकी, अब आप का कांग्रेस को नया फॉर्म्युला

नई दिल्ली 
लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस में गठबंधन होगा या नहीं इसपर बना सस्पेंस शनिवार को खत्म हो सकता है। आप पार्टी खुद इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करनेवाली है। कभी हां-कभी ना में फंसे इस गठबंधन पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। यहां तक कि भारतीय जनता पार्टी ने भी इसी इंतजार में दिल्ली में अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है। 
 
उम्मीदें बरकरार 
गठबंधन को लेकर आप की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं। इसी वजह से पार्टी ने अपने 3 उम्मीदवारों के शनिवार को होने वाले नामांकन को स्थगित कर दिया। हालांकि, कांग्रेस के रुख में कोई खास बदलाव नहीं आया है। कांग्रेस की तरफ से लगातार कहा जा रहा है कि वह सिर्फ दिल्ली में गठबंधन चाहते हैं। इसी बीच प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि शनिवार को पार्टी अपने उम्मीदवारों का ऐलान भी कर देगी। 

आप का नया फॉर्म्युला 
गठबंधन की इच्छुक आप ने अब कांग्रेस को नया फॉर्म्युला दिया है। इसके तहत दिल्ली में 4:3 और हरियाणा में 7:2:1 का गणित बताया गया है। दिल्ली में आप खुद चार पर लड़कर कांग्रेस को तीन सीटें देना चाहती है। वहीं हरियाणा में वह कांग्रेस को 7, दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) को 2 सीट के लिए मना रही है। लेकिन कांग्रेस हरियाणा में ज्यादा सीटों की मांग पर अड़ी है। वहीं चौटाला भी कांग्रेस से गठबंधन में कोई खास रुचि नहीं दिखा रहे।