कटरा हॉस्पिटल ने पेश की इंसानियत की मिसाल 

कटरा हॉस्पिटल ने पेश की इंसानियत की मिसाल

बैगा महिला का निःशुल्क किया ऑपरेशन

 
Syed Javed Ali
मंडला - मेडिकल प्रोफेशन को कभी समाज सेवा का जरिया समझा जाता था लेकिन धीरे - धीरे यह पूर्णता व्यवसायिक हो गया। बड़े-बड़े हॉस्पिटल्स में मरीजों के लंबे चौड़े बिल और अमानवीय घटना अक्सर देखने सुनने को मिल जाती हैं। ठीक इसके विपरीत चिकित्सा को मानव सेवा और संवेदनशीलता का परिचय कटरा हॉस्पिटल प्रबंधन और उसके स्टाफ ने दिया है। कटरा हॉस्पिटल में एक बैगा महिला का निशुल्क उपचार किया गया है। महिला का ऑपरेशन का खर्च स्टाफ ने मिल-बांटकर उठाया और स्टाफ के लोगों ने ही उसे रक्तदान दिया
डॉ रुबीना ने बताया कि श्रीमती पुष्पा बाई पति माधुलाल बेरवा निवासी लखनपुर को गंभीर हालत में कटरा अस्पताल में भर्ती किया गया था। डॉ रुबीना द्वारा उसकी जांच के दौरान पाया गया कि उसे बच्चेदानी की समस्या है और उसके शरीर में मात्र 2.5 ग्राम खून है। उन्होंने उसे खून लगवाने की सलाह दी पर आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते मरीज खून लगवाने में सक्षम नहीं था। डॉक्टर रुबीना की पहल पर कटरा हॉस्पिटल के संचालक फादर वर्गिस, डॉक्टर जैसी, डॉक्टर लिली, डॉक्टर सालोमन, सिस्टर पावना के अलावा हॉस्पिटल के स्टाफ और नर्सिंग स्टूडेंट्स ने मदद करने का निश्चय किया । इसमें नर्सिंग स्टूडेंट्स प्रिया व रेमा ने भी मदद की। ऑपरेशन कर बच्चेदानी अलग करने में खून की आवश्यकता थी। इसकी पूर्ती अमित मरकाम, मोहित, शुभम, संदीप, सोहेल व फादार जेम्स ने रक्तदान कर पूरी की। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रुबीना और निश्चेतन विशेषज्ञ डॉ. लिली व उनकी टीम के द्वारा जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक किया गया। फिलहाल मरीज कटरा हॉस्पिटल में स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं। डॉक्टर रुबीना और डॉक्टर सालोमन ने सहयोग के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया है।