सागर की इकलौती कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल, कांग्रेस मुक्त हुआ जिला 

सागर की इकलौती कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल, कांग्रेस मुक्त हुआ जिला 

सागर। कांग्रेस को प्रदेश में लगातार झटके पर झटका लग रहा है। भाजपा ने कांग्रेस को आज एक बड़ा झटका देते हुए सागर जिले की एकमात्र कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे को भाजपा में शामिल कर लिया। उल्लेखनीय है कि सागर जिले की आठ विधानसभा में से इकलौती कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे ने राहतगढ़ में भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निर्मला सप्रे को भाजपा की सदस्यता दिलाई। बता दें कि बीते विधानसभा चुनाव में सागर जिले की 8 विधानसभा में से सिर्फ बीना विधानसभा में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी, जो अब भाजपाई हो गईं हैं। 

राहतगढ़ में थामा भाजपा का दामन

निर्मला सप्रे ने सीएम मोहन यादव की सभा के दौरान राहतगढ़ में भाजपा का दामन थाम लिया। 2023 विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के महेश राय को हराकर चुनाव में जीत हासिल की थी। इस घटनाक्रम से प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ गई है। इस घटनाक्रम की भनक तक कांग्रेस नेताओं को नहीं लग पाई। अचानक रविवार को मुख्यमंत्री की राहतगढ़ में सभा के दौरान उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।

6,000 वोटों से जीतीं थीं निर्मला

कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे ने 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के महेश राय को 6000 वोटों से हराया था। बता दें कि निर्मला सप्रे 2009 में सरकारी शिक्षक की नौकरी छोड़ यूथ कांग्रेस में शामिल हुईं थी। 2009 में वह बीना नगर पालिका की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। बीना विधानसभा सीट पर 1998 से 2023 तक लगातार भाजपा का कब्जा रहा, 2023 में 25 साल बाद इस सीट पर कांग्रेस की जीत हुई।

तंत्र का दुरुपयोग कर रही सरकार: आनंद अहिरवार 

कांग्रेस के सागर जिला ग्रामीण अध्यक्ष पूर्व सांसद आनंद अहिरवार का इस पूरे घटनाक्रम पर कहना है कि "ये एक आश्चर्यजनक घटना है। सरकार अपने तंत्र का हद से बाहर जाकर दुरुपयोग कर रही है। हमारी विधायक को पार्टी की नीति से मजबूती के साथ खड़ा रहना था। ये अफसोस की बात है। बड़ी बात ये है कि एक स्थिर सरकार प्रदेश में है, फिर भी भाजपा इस तरह कांग्रेस पार्टी के लोगों को तोड़ रही है। दबाव की राजनीति के तहत लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है।"

कांग्रेस को एक के बाद एक बड़े झटके

लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को एक के बाद एक बड़े झटके लग रहे हैं। पिछ्ले दिनों छह बार के विधायक रह चुके पार्टी के वरिष्ठ नेता रामनिवास रावत ने कांग्रेस को छोड दिया था। उनको बीजेपी में गए एक हफ्ता भी नहीं हुआ कि अब सागर जिले की एकमात्र कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे ने कांग्रेस छोड़ बीजेपी का झंडा थाम लिया है।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट