सामाजिक न्याय विभाग: बहुविकलांगों को अब अनुदान सहायता के साथ मिलेगी दिव्यांग पेंशन

सामाजिक न्याय विभाग: बहुविकलांगों को अब अनुदान सहायता के साथ मिलेगी दिव्यांग पेंशन

भोपाल
प्रदेश के बहुविकलांग और मानसिक रूप से अविकसित व्यक्तियों को सहायता अनुदान योजना के साथ ही दिव्यांग पेंशन भी प्रदान की जाएगी। सामाजिक न्याय विभाग ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए है कि ऐसे दिव्यांगों की पात्रता और नि:शक्तता का परीक्षण कराकर दिव्यांग पेंशन स्वीकृत करवाएं।

सामाजिक न्याय विभाग के संचालक स्वतंत्र कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि राज्य शासन द्वारा मानसिक रूप से अविकसित दिव्यांग, बहुविकलांग, आॅटिज्म एवं सेरेब्रल पाल्सी के दिव्यांगजनों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए बहुविकलांग एवं मानसिक रूप से अविकसित के लिए सहायता अनुदान योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह अनुदान ले रहे हितग्राही पात्रतानुसार अन्य दिव्यांग पेंशन जैसे इंदिरा गांधी राष्टÑीय नि:शक्त पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन अंतर्गत दिव्यांग पेंशन एवं दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना का लाभ प्राप्त कर सकता है ताकि उसे इस विशिष्ट श्रेणी के दिव्यांगजनों को शासन से अधिक आर्थिक सहायता मिल सके।

ऐसे सभी हितग्राही जो बहुविकलांग एवं मानसिक रूप से अविकसित के लिए सहायता अनुदान योजना का लाभ ले रहे है सभी कलेक्टर उनकी पात्रता और नि:शक्तता प्रमाणपत्र का परीक्षण कराकर पात्रतानुसार दिव्यांग पेंशन मंजूर करने की कार्यवाही प्राथमिकता से कराने हेतु सभी जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों को निर्देशित करे ताकि शासन की मंशा के अनुरूप हितग्राहियों को उनकी पात्रता के आधार पर अधिक से अधिक आथिक सहायता मिल सके।