लोकसभा को लेकर सरोज को बड़ी जिम्मेदारी, लाभार्थी संपर्क की मिली कमान

लोकसभा को लेकर सरोज को बड़ी जिम्मेदारी, लाभार्थी संपर्क की मिली कमान

रायपुर
लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा ने राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय को बड़ी जिम्मेदारी दी है। सरोज को लाभार्थी संपर्क की कमान सौंपी है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर रविवार को 17 कमेटियों की घोषणा की। इसमें छत्तीसगढ़ से एकमात्र सरोज पांडेय को जिम्मेदारी मिली है। पार्टी ने राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में संकल्प पत्र समिति में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को शामिल किया है।

भाजपा के आला नेताओं ने बताया कि लाभार्थी संपर्क अभियान पार्टी का एक महत्वाकांक्षी अभियान है। देशभर में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले वोटरों तक पहुंचने के लिए यह अभियान तय किया गया है।

बताया जा रहा है कि देशभर में 22 करोड़ लोगों ने केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लिया है।

भाजपा के 11 करोड़ आनलाइन सदस्य बने हैं। ऐसे में पार्टी इन 33 करोड़ लोगों तक पहुंचकर लोकसभा चुनाव की वैतरणी पार करना चाहती है। भाजपा ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी लाभार्थी सम्मेलन कराए थे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम तय किये गये थे।

हालांकि विधानसभा चुनाव में भाजपा को तीन बड़े राज्यों में हार का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके पार्टी ने एक बार फिर उन लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। लाभार्थी संपर्क अभियान में सरोज पांडेय के साथ 13 सदस्यों को शामिल किया गया है। इसमें सत्य कुमार, मंगल प्रभात लोधा, आशीष सूद, भार्गव भाई, देवेश कुमार, मंजूनाथ, जेपीएस राठौर, जेप्रुम गैमलिन, मानस डेका, नवीन सिन्हा, अनिल गुप्ता और जसवंत गोयल हैं।

प्रदेश के किसी बड़े नेता को नहीं मिली जिम्मेदारी

लोकसभा चुनाव को लेकर बनाई गई कमेटी में सरोज के अलावा प्रदेश के किसी भी बड़े को जिम्मेदारी नहीं मिली है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम, केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह सहित किसी भी नेता को कमेटी में शामिल नहीं किया गया है।