घर से जुड़े ये 6 सिंपल काम कर घटाएं वजन

घर से जुड़े ये 6 सिंपल काम कर घटाएं वजन


वजन कम करने या खुद को फिट रखने के लिए आजकल लोग क्या-क्या नहीं करते। स्पेशल डायट से लेकर जिम तक में लोग काफी पैसा और पसीना बहाते हैं, पर क्या आप जानते हैं कि घर के 6 काम ही कैलरीज बर्न कर आपको स्लिम रखने में मदद कर सकते हैं। चलिए जानते हैं इनके बारे में।

पोछा लगाना
पोछा लगाना मेहनत का काम होता है। इस दौरान व्यक्ति स्क्वाट और क्रॉल करता है जो पैरों के लिए वर्कआउट की तरह है। पोछे के दौरान कमर के लगातार मूवमेंट से फैट को कम करने में भी मदद मिलती है। 20 मिनट तक पोछा लगाने से आप 150 कैलरीज तक बर्न कर सकते हैं।

कपड़े धोना
आजकल कपड़े धोने के लिए भी अलग-अलग तरह की मशीन आने लगी है। कोई सेमी-ऑटोमैटिक मशीन यूज करता है तो कोई फुली ऑटोमैटिक। हालांकि, अगर आप हाथों से कपड़े धोएं तो यह आपकी 130 कैलरीज तक बर्न करने में मदद कर सकता है।

बर्तन धोना
भारत में अभी भी डिश वॉशर उतना पॉप्युलर नहीं हुआ है, लेकिन यहां बर्तन धोने के लिए मेड का होना आम सी बात है। अगर आप कैलरीज बर्न करना चाहते हैं तो अब से खुद बर्तन धोना शुरू कर दें, इससे आप करीब 125 कैलरीज बर्न कर सकेंगे।

खुद खाना बनाना
आजकल ज्यादातर घरों में पति-पत्नी दोनों नौकरीपेशा होते हैं। ऐसे में उनके पास खुद खाना बनाने का समय नहीं होता। हालांकि, मेड आपकी डायट या हेल्थ को ध्यान में रख खाना बनाए ऐसा संभव नहीं है। खुद कुकिंग करने के कई फायदे हैं, पहला तो यह कि आप खाने को ज्यादा हेल्दी वे में पकाएंगे और दूसरा खाना बनाने की पूरी प्रक्रिया सहित खड़े रहने से आपकी तकरीबन 100 कैलरीज बर्न होंगी।

डस्टिंग
घर में धूल किसी को पसंद नहीं, लेकिन इसके लिए आप मेड का इंतजार न करें। डस्टिंग क्लॉथ उठाएं और सफाई में जुट जाएं। इस दौरान आपका मूवमेंट आपको 125 कैलरीज तक बर्न करने में मदद कर सकता है।

आटा गूंथना
क्या आपको पता है कि रोटी के लिए आटा गूंथने से भी आप कैलरीज बर्न कर सकते हैं। इस दौरान लगने वाली ताकत और हाथों की लगातार क्रिया से आपका शरीर 50 कैलरीज तक बर्न करता है। तो बस अब इंतजार किस बात का, आज से ही जुट जाएं घर के काम करने में।