PM आवास की सौगात कल धार में देंगे मुख्यमंत्री
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल धार जाएंगे। धार में वे मिशन ग्रामोदय में प्रदेश के सवा लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की सौगात देकर गृह प्रवेश कराएंगे। धार जिला मुख्यालय में होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर वर्चुअली शामिल होंगे। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया और राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल भी आयोजन में शामिल होंगे।
जिन आवासों में गृह प्रवेश कराया जाना है, उनकी लागत 1562 करोड़ रुपए है। साथ ही ग्रामीण विकास विभाग के साढ़े 10 हजार से अधिक सामुदायिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी इस मौके पर होगा। इनमें 6 हजार सामुदायिक स्वच्छता परिसर, 2 हजार खेल मैदान, 2 हजार शांति धाम और 634 पंचायत भवन शामिल हैं। प्रदेश में इतनी बड़ी संख्या में गृह प्रवेश कराये जाने का यह दूसरा बड़ा आयोजन है। इससे पूर्व 12 सितम्बर को भी मध्यप्रदेश के 1.75 लाख हितग्राहियों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीब परिवारों के लिए यह आवास कोरोना काल के दौरान निर्मित हुए हैं।
मध्यप्रदेश में कोरोना काल की चुनौतियों से निपटते हुए 3 लाख से अधिक आवास निर्मित किए गए हैं। पंचायतों के इन हितग्राहियों का प्रवेश पिछले माह होना था लेकिन जिस दिन कार्यक्रम था, उसी दिन सीधी में बस हादसे में 54 लोगों की जान जाने के कारण मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थगित कर दिया था। अब गृह प्रवेश का कार्यक्रम कल धार जिले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से होगा।
bhavtarini.com@gmail.com 