महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त कर मध्यप्रदेश को आत्म-निर्भर बनाया जायेगा
भोपाल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल ने कहा है कि प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त कर मध्यप्रदेश को आत्म-निर्भर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित
राज्य मंत्री पटेल आज भोपाल हाट में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हुनर हाट में लगाये गये स्टॉलों के अवलोकन के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
खेती-किसानी और गांव की महत्वपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करें लिंक...
राज्य मंत्री पटेल ने कहा कि प्रदेश में आजीविका मिशन के तहत बनाये गये स्व-सहायता समूह ने अपने हुनर के कारण देश-भर में विशिष्ट पहचान बनाई है। मंत्री पटेल ने मेले में कोदो-कुटकी एवं मक्के से बनाये गये बिस्किट की प्रशंसा की।
परम्परागत कृषि उत्पाद से तैयार की गई खाद्य सामग्री के जरिये इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती
उन्होंने कहा कि प्रदेश के परम्परागत कृषि उत्पाद से तैयार की गई खाद्य सामग्री के जरिये इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है। राज्य मंत्री पटेल ने महिला स्व-सहायता समूह के अन्य स्टॉलों का भी अवलोकन किया।
हुनर हाट मेले में 44 जिलों की भागीदारी
हुनर हाट मेले में 44 जिलों की 71 महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भागीदारी की। स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने घरेलू उत्पाद, सजावटी सामान, वस्त्र आदि का स्टॉलों के माध्यम से प्रदर्शन किया।
हुनर हाट में महिलाओं को घरेलू हिंसा से बचाव, बाल शोषण से बचाव के उपाय, साइबर क्राइम, महिलाओं के अधिकार आदि के बारे में भी जानकारी दी गई। हुनर हाट के बारे में संचालक महिला-बाल विकासस्वाति मीणा नायक ने जानकारी दी।