भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के कुछ जिलों में पिछले दिनों ओलावृष्टि से फसलें आड़ी होने की जानकारी मिली है। इस मामले में अधिकारियों को फील्ड सर्वे कर क्षति का आकलन करने और रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
खेती-किसानी और गांव की महत्वपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करें लिंक...
जहां जैसा नुकसान हुआ है, उसके आधार पर सरकार राहत राशि किसानों को देगी। मैं सर्वे की रिपोर्ट रोज ले रहा हूं। एक बार क्षति का आकलन हो जाए तो किसानों को जल्द ही राहत राशि का भुगतान कराएंगे।
ओला प्रभावित कुछ गांवों में जाने की भी चर्चा
सीएम चौहान के आज ओला प्रभावित कुछ गांवों में जाने की भी चर्चा है। हालांकि उनके रूटीन कार्यक्रम में इसका जिक्र नहीं है। सूत्रों का कहना है कि कल उनका नरसिंहगढ़ क्षेत्र में गांवों में जाने का कार्यक्रम बन रहा था जिसे फिलहाल टाल दिया गया है।
सीएम चौहान ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन से मुलाकात के दौरान भोपाल एम्स में नई सुविधाएं शुरू करने और गैस राहत अस्पताल की मशीनों का गैस पीड़ितों और अन्य मरीजों के हित में बेहतर उपयोग करने को लेकर चर्चा की।
जबलपुर कैंसर अस्पताल में केंद्र व राज्य के अंश 60 व 40 प्रतिशत किए जाने के निर्णय में बदलाव का आग्रह भी सीएम ने किया। उन्होंने कहा कि इसे फिर केंद्र की ओर से 75 और राज्य सरकार की ओर से 25 प्रतिशत अंशदान से संचालित करने के लिए कहा है।
मेडिकल कालेजों को केंद्रीय सहायता देने का आग्रह भी किया
चौहान के अनुसार सिवनी, छतरपुर, दमोह के मेडिकल कालेज राज्य सरकार अपने स्तर पर खोलने जा रही है। इन मेडिकल कालेजों को केंद्रीय सहायता देने का आग्रह भी किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को कोरोना वैक्सीन प्रथम डोज के 81 लाख डोज की जरूरत है और अब तक 18.84 लाख मिले हैं। इसे बढ़ाने के लिए कहा गया है।
बढ़ते संक्रमण के चलते परेशानी बन सकता है कोरोना वायरस
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना बढ़ते संक्रमण के चलते परेशानी बन सकता है। इसलिए लोग सावधानी बरतें। वे पैनिक नहीं आगाह और सावधान कर रहे हैं। मास्क और दो गज की दूरी ही सुरक्षा है। लोग सावधानी बरतें ताकि सख्ती नहीं करना पड़े।