सेना द्वारा आयोजित अपनी सेना को जानो मेले में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने की शिरकत
जयपुर। केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव एवं वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने आज केंद्रीय विद्यालय नंबर एक में भारतीय सेना द्वारा आयोजित ‘अपनी सेना को जानो’ (KNOW YOUR ARMY) मेले में शिरकत की । उन्होंने सेना द्वारा लगाई गई हथियारों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
केंद्रीय मंत्री यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सेना द्वारा अलवर में यह सैन्य मेला आयोजित किया जा रहा है, इसमें सेना के द्वारा उपयोग में लाये जाने वाले विभिन्न प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन किया गया है, जिसे बच्चों को देखने और समझने का मौका मिला। सेना के द्वारा आयोजित इस प्रकार के मेलों से बच्चो में सेना के प्रति समर्पण भाव और राष्ट्रभक्ति की भावना उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि डिफेंस के मामले में भारतीय सेना बहुत आगे निकल चुकी है। 2013-14 में निर्यात लगभग 620 करोड़ था और अब 2100 करोड़ पार कर गया है। मेक इन इंडिया के तहत भारत ने अब अपनी सेना के लिए हथियारों का उत्पादन शुरू कर दिया है। भारत की क्षमताओं को पूरा विश्व देख चुका है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार पहले जिन देशों से सेना के हथियार खरीदती थी अब भारत सरकार उन्हीं देशों को हथियार बेच रही है।
उन्होंने कहा कि खेलों का विकास करना भी हमारा उद्देश्य है। जिले में अलवर सांसद खेल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत अगले महीने ‘अलवर टाइगर मैराथन’ दौड़ आयोजित की जाएगी जिसमें राष्ट्रीय स्तर के 100 धावक भी भाग लेंगे। इससे पहले सांसद खेल उत्सव के तहत जिले में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उसके बाद जिले के 10 मैदानों पर एथलेटिक्स प्रतियोगिता और अन्य खेल आयोजित किए गए थे जहां करीब 20 हजार बच्चों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
आधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन
पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेंद्र यादव और पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा द्वारा मेले में सेना के द्वारा स्पाइनर, एंटी टैंक गाइडेड मिसाइलें, लाइट मशीन गन, मध्यम मशीनगनें, रॉकेट लांचर, पिनाक डिकॉय, टाट्रा वाहन, अकीरा, भारी वाहन, स्कैनिया वाहन, बोफोर्स गन, फील्ड गन, स्कैनिया पिस्टल, मशीन गन, सर्विलांस डिवाइसेज, कम्युनिकेशन इक्विपमेंट, लाइट रिकवरी व्हीकल, क्रेज वाहन आदि आधुनिक हथियारों की लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया। इस दौरान वहां उपस्थित आमजन एवं बच्चों ने भी सेना के हथियारों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंतर्गत एन.सी.सी. की छात्राओं ने मार्च पास्ट किया साथ ही सेना के जवानों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया इसके अलावा बालिकाओं द्वारा मार्शल आर्ट का प्रदर्शन भी किया गया।
डॉग्स ने दिखाए हैरतंगेज करतब
इस मेले के दौरान सेना के प्रशिक्षित डॉग्स ने एक साथ कई रिंग व हर्डल्स की बाधांओं को जम्प कर पार किया जिसको उपस्थित नागरिकों व बच्चों ने खूब सराहा तथा डॉग्स के द्वारा अपनी सूंघने की शक्ति का प्रदर्शन करते हुए अनेक वस्तुओं में से एक वस्तु में रखी विस्फोटक सामग्री की पहचान की। साथ ही दुश्मन पर हमला कर उसे काबू करने के प्रदर्शन जैसे कई हैरतंगेज करतब किए।
इस दौरान रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, मेजर जनरल धीरेन्द्र प्रताप सिंह, कर्नल राजसिंह दुहन उपस्थित रहे तथा मंच संचालन मेजर अभिषेक चौधरी व कैप्टन प्रतिमा शर्मा ने किया। इस दौरान प्रबुद्ध व्यक्ति, सेना के अधिकारी, जवान, आम नागरिक व बडी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

