भाजपा को जिताकर, विकास की गति को मजबूती दें: शिवराज सिंह चौहान  

भाजपा को जिताकर, विकास की गति को मजबूती दें: शिवराज सिंह चौहान  

प्रियंका गांधी का झूठ सुनकर हैरान, कोई इतना झूठ कैसे बोल सकता है?

प्रियंका जी में साहस है तो स्वीकार करें कि, कांग्रेस का पिछला वचन पत्र झूठा था, एक वादा पूरा नहीं किया

कांग्रेस को भगवान राम और राम मंदिर से तकलीफ

भगवान राम के होर्डिंग हटवाने वाले कांग्रेसियों लोगों के दिलों से भगवान राम को कैसे निकालोगे

प्रधानमंत्री मोदी जी देश में विकास के नए रिकॉर्ड बना रहें हैं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को धूलकोट, सुंद्रेल और महेश्वर में चुनावी सभाओं को किया संबोधित किया

धूलकोट में भैया शिवराज को बहनों ने अपने हाथों से खिलाई घर की बनी मक्का की रोटी और टमाटर की चटनी  

धार के सुंद्रेल में स्कूटी वाली बेटी वर्षा के घर पहुचे मुख्यमंत्री, चाय पीकर बेटी की मां से बंधवाई राखी

भोपाल। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को भाजपा प्रत्याशियों, नेपानगर से मंजू राजेन्द्र दादू, धरमपुरी से कालू सिंह ठाकुर और महेश्वर विधानसभा क्षेत्र से राजकुमार मेव के समर्थन में विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस और प्रियंका गांधी के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर जमकर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में फिर से प्रियंका गांधी आई हैं और फिर से झूठ की दुकान सज रही है। मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी से कई सवाल भी पूछे और कहा कि अगर साहस है तो मैडम प्रियंका सवालों का जवाब दें और स्वीकार करें कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जो वचन-पत्र जारी किया था, वह झूठा था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कांगेस को भगवान राम और राम मंदिर से तकलीफ है। भगवान राम के होर्डिंग हटवाने वाले कांग्रेसियों, लोगों के दिलों से भगवान राम को कैसे निकालोगे।

कांग्रेस को भगवान राम से तकलीफ
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं सबसे पहले तो प्रियंका गांधी से यही सवाल पूछना चाहता हूं कि, भगवान राम और भगवान राम के मंदिर से आपको क्या तकलीफ है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि, भगवान राम के मंदिर के फोटो और होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं, वह फोटो होर्डिंग्स उतरवाए जाएं। महाकाल के जो चित्र लगे हैं, वह निकाले जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि, राम तो लोगों के रोम-रोम में बसे हैं, राम करोड़ों-करोड़ लोगों के आराध्य हैं। भगवान राम के बिना इस देश का काम नहीं चल सकता। चुनाव आयोग से दीवारों पर लगे होर्डिंग हटवाने की कोशिश करने वालों अरबों लोगों के दिल से प्रभु श्रीराम को कैसे निकालोगे।

प्रियंका जी का झूठ सुनकर मैं हैरान हूं
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रियंका गांधी आज मध्यप्रदेश आई थीं। मैं हैरान हूं कि वे अपने भाषण में कितना झूठ बोलकर गईं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये झूठे लोग हैं, इनके परिवार ने इनको केवल झूठ बोलना ही सिखाया है। मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी के 3 साल में केवल 21 नियुक्ति वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि 65 हजार युवाओं को तो नियुक्ति पत्र इस साल ही दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी से पूछा कि आपके भाई राहुल गांधी ने कहा था 10 दिनों में कर्ज माफ होगा नहीं तो मुख्यमंत्री बदल देंगे, लेकिन ना कर्ज माफ हुआ और ना ही मुख्यमंत्री बदला। उन्होंने कहा कि, वैसे तो कांग्रेस नहीं आ रही है, लेकिन आ गई तो ना लाड़ली रहेगी ना बहना रहेगी। कमलनाथ तो केवल पैसों का ही रोना रोते थे कि, मामा खजाना खाली कर गया। जब पैसा ही नहीं था तो मुख्यमंत्री क्यों बन गए थे। उन्होंने कहा कि, मेरे पास पैसों की कमी नहीं है। रसोई गैस का सिलेंडर 450 में ही दूंगा। कई नाम छूट गए हैं, लेकिन चुनाव के बाद उनके भी नाम जोड़े जाएंगे।

साहस है तो इन सवालों के जवाब दें प्रियंका गांधी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि, प्रियंका गांधी में साहस है तो इन सवालों के जबाव दें कि, गरीब बैगा, भारिया, सहरिया बहनों को जो 1000 रूपए देते थे, कमलनाथ ने क्यों बंद किया। कांग्रेस ने संबल योजना क्यों बंद की, गरीब बहनों के पैसे देना क्यों बंद कर दिए। बेटा-बेटी के जन्म के समय मिलने वाले 12,000 रूपए क्यों बंद किए। बच्चों के लैपटॉप क्यों बंद कर दिए। बेटियों की शादी तो करवा दी, लेकिन उनके पैसे क्यों रोके। बुजुर्गों की तीर्थ दर्शन योजना क्यों बंद की। किसान सम्मान निधि की राशि के लिए किसानों की सूची प्रधानमंत्री जी को क्यों नहीं भेजी। गरीबों के मकान जो प्रधानमंत्री जी ने भेजे थे, वापस क्यों कर दिए। एक और बड़ा अपराध किया 2019 में जल जीवन मिशन लागू हुआ, हर गांव में हर घर में टोटी वाला नल लगाकर जल देने के लिए आपने महिलाओं के साथ अन्याय किया और योजना का कार्य शुरू नहीं कराया। कांग्रेस सरकार ने जल जीवन मिशन में कार्य शुरू ही नहीं किया क्यों। आपने कहा था 4000 रूपए बेरोजगारी भत्ता देंगे, एक पैसा भी नहीं दिया। युवाओं को फिर ठगने आ रहे हो। सबका कर्ज माफ करने का वादा किया था लेकिन वो भी नहीं किया। इन सवालों के जवाब दें प्रियंका गांधी जी और कांग्रेस।

दिग्विजय सिंह भारत के संस्कार मत भूलो
मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं बेटियों की पूजन करता हूं, मैं बहनों के पांव धोता हूं तो कांग्रेस के लोगों को ये बात अच्छी नहीं लगती है। जब मैं कन्यापूजन करता हूं, कन्याभोज करवाता हूं तो कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह कहते हैं कि मुख्यमंत्री नाटक-नौटंकी करता है। दिग्विजय सिंह भारत के संस्कार मत भूलो, देवता वहीं वास करेंगे जहां मां-बहन और बेटियों को इज्जत की नजर से देखा जाएगा। ये बहनों की इज्जत करना नहीं जानते, ये बेटियों को सम्मान देना भी नहीं जानते हैं। एक कार्यक्रम में कमलनाथ जी ने डबरा में जो सम्मानित मंत्री रहीं उन्हें आयटम कहकर संबोधित किया। ये इनके संस्कार हैं। दिग्विजय सिंह बेटियों को टंच माल जैसे शब्दों से संबोधित करते हैं। भारतीय और हिन्दू संस्कृति के संस्कार इनका स्वभाव नहीं है।

बहनों ने भैया शिवराज के लिए घर से खाना बनाकर लाया, हाथ से खिलाया
मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने नेपानगर के धूलकोट में सभा स्थल पर बारेला समाज की बहनों के साथ नीचे बैठकर चटनी-रोटी खाई। इस दौरान मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि आज बहनों ने अद्भुत स्वागत किया है। मैं मंच पर आ रहा था इसके पहले ही बहनों ने कहा कि, “भैया घर से मक्के की रोटी, भाजी और टमाटर की चटनी लेकर आए हैं वो खाकर जाना पड़ेगा।“ मैं बहनों के साथ ही नीचे बैठा और चटनी, भाजी और मक्के की रोटी खाई। स्वर्ग में देवता भी क्या ऐसे ही भोजन करते होंगे जो आज अपनी बहनों ने शिवराज को कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोजन में मेरी बहनों का प्यार मिला था, मेरा जीवन धन्य हो गया है। मैं वचन देता हूं कि, जब तक प्राण हैं बहनों के विश्वास को टूटने नहीं दूंगा।

स्कूटी वाली बेटी के घर मुख्यमंत्री ने पी चाय
मुख्यमंत्री  चौहान धार जिले के सुंद्रेल में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान एक बेटी (वर्षा) ने मंच पर आकर मुख्यमंत्री  चौहान से कहा कि, उसने 12वीं कक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की है और आपकी ओर से उसे स्कूटी प्रदान की गई है। छात्रा ने मुख्यमंत्री को अपने घर पर चाय का निमंत्रण दिया। मामा  शिवराज सिंह चौहान ने भी बेटी के मनोभावों को समझकर निमंत्रण स्वीकार किया और सभा समाप्त होने के बाद बेटी के घर पहुंचे और वर्षा के परिवार जनों के साथ बैठकर चाय पी और बेटी वर्षा की मां से राखी भी बंधवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चाय इतनी स्वादिष्ट है कि, मैं वर्णन नहीं कर सकता, क्योंकि इसमें मेरी बहन का प्रेम मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि, मैं अत्यंत प्रसन्न हूं, इस बेटी के पिता नहीं है लेकिन मैं मामा हूं। मां ने मेहनत-मजदूरी करके पढ़ाया है। मेरा संकल्प यही है कि, मेरी ऐसे बेटा-बेटियां जो गरीब परिवार में जन्में हैं उन्हें पढ़ाई से वंचित नहीं रहने दे सकता। बच्चों के सपनों को मरने नहीं दिया जाएगा। सभी बेटा-बेटी आश्वस्त हो जाएं कि, मामा हमेशा उनके साथ है।

प्रधानमंत्री मोदी  देश में विकास के नए रिकॉर्ड बना रहें हैं
मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी देश में विकास के नए रिकॉर्ड बना रहें हैं। कांग्रेसी कहते थे कि राममंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। अब आयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और डबल इंजन की सरकार में मध्यप्रदेश भी निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।  चौहान ने सभा में जनसमूदाय को विजय का संकल्प दिलाते हुए कहा कि, मध्ययप्रदेश में फिर से कमल खिलाना है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाना है।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट