सपा को झटका, चार एमएलसी भाजपा में शामिल

सपा को झटका, चार एमएलसी भाजपा में शामिल

लखनऊ। देश के सबसे बड़े​ सियासी राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका दिया है। दरअसल, बुधवार को राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के चार विधान परिषद सदस्य भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने वाले सपा रविशंकर सिंह, नरेंद्र भाटी, सीपी चंद और रमा निरंजन शामिल हैं।

दरअसल, सपा के विधायकों ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राज्य के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पिछले कई दशकों से सपा को ताकतवर बनाने वाले वफ़ादारी निभाने वाले नरेंद्र भाटी आज पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उनके आने से पश्चिम उत्तर प्रदेश में पार्टी मज़बूत होगी। बलिया से आने वाले रविशंकर सिंह 'पप्पू' एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पोते और नीरज शेखर के भतीजे आज भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि गोरखपुर से सीपी चंद और रमा निरंजन भी आज पार्टी में शामिल हो रहे हैं, इन सभी का स्वागत है। ये लोग भी पार्टी के कुनबे को बढ़ाएंगे। इन लोगों को पता है कि आज यूपी में कानून का राज है। आज सभी लोग सपा और बसपा को छोड़कर भाजपा की तरफ देख रहे हैं और भाजपा में शामिल हो रहे है। गरीब के घर में आज खुशियां है। पीएम मोदी जैसा नेतृत्व हमें मिला है जो हमारे लिए सौभाग्य की बात है।