पोषण माह 2026 में राजस्थान का राष्ट्रीय स्तर पर परचम, पूरे भारत में हासिल किया द्वितीय स्थान
जयपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए गर्व का क्षण है। राष्ट्रीय पोषण माह - सितंबर 2026 के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए राजस्थान ने पूरे भारत में द्वितीय (2nd) स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार राजस्थान में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक 9वां राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया गया।
पोषण माह के दौरान प्रदेशभर में आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण संबंधी जनजागरूकता, अन्नप्राशन, गोदभराई, कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण एवं प्रबंधन, पोषण वाटिका, स्वस्थ बालक स्पर्धा जैसे कार्यक्रमों का सघन आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 113.66% उपलब्धि हासिल की है।
इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने समस्त NNM टीम, विभागीय अधिकारियों, जिला एवं ब्लॉक समन्वयकों और सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को हार्दिक बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हमारी फील्ड की बहनों की दिन-रात की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। राजस्थान सरकार 'कुपोषण मुक्त राजस्थान, स्वस्थ राजस्थान' के लक्ष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
राजस्थान के टॉप 5 प्रदर्शन करने वाले जिले
1. जोधपुर - 148.22% (प्रथम स्थान)
2. बीकानेर - 133.70% (द्वितीय स्थान)
3. पाली - 132.01% (तृतीय स्थान)
4. चूरू - 128.85% (चतुर्थ स्थान)
5. श्रीगंगानगर - 127.21% (पंचम स्थान)
इन जिलों के DD,CDPO LS तथा जिला समन्वयक (DC), जिला परियोजना सहायक (DPA), ब्लॉक समन्वयक (BC) एवं समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने असाधारण समर्पण दिखाते हुए पूरे प्रदेश के सामने एक मिसाल पेश की है।
विभाग की शासन सचिव पूनम ने भी सभी टीमों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी ऊर्जा के साथ हम आने वाले समय में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ कार्य करेंगे।
निदेशक आईसीडीएस वासुदेव मालावत ने बताया कि इस वर्ष पोषण माह की मुख्य थीम - "हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी" रखी गई। इसका मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों को पोषण, देखभाल और प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास का सशक्त केन्द्र बनाना और समुदाय में स्वामित्व की भावना जागृत करना है।
उन्होंने बताया कि कि पोषण माह के दौरान 5 प्रमुख विषयों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की गई -
1. आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन
2. आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा पका हुआ गर्म भोजन (HCM)
3. सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही
4. बाल्यावस्था विकास के लिए पोषण और प्रारंभिक उद्दीपन
5. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY)
विभागीय कैलेण्डर के अनुसार सभी गतिविधियां स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग के साथ समन्वय से आयोजित की गई और प्रतिदिन की प्रगति जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर अपलोड की गई।
bhavtarini.com@gmail.com

