नई दिल्ली में भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का हुआ समापन, राजस्थान पवेलियन का लाखों लोगों ने किया भ्रमण

नई दिल्ली में भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का हुआ समापन, राजस्थान पवेलियन का लाखों लोगों ने किया भ्रमण

नई दिल्ली/जयपुर। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में शुक्रवार को सम्पन्न हुए चौदह दिवसीय 45 वें भारतीय अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में राजस्थान पवेलियन जन आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहा और लाखों लोगों ने पवेलियन का अवलोकन किया।

राजस्थान पवेलियन के निदेशक श्री हर्ष शर्मा ने बताया कि राजस्थान हस्तशिल्प के प्रति आकर्षण के चलते पवेलियन में करीब 50 लाख का कारोबार हुआ। इसमें सबसे अधिक बिक्री जयपुरी रजाईयां, राजस्थानी हेंडीक्राफ्ट और राजस्थानी परिधानों के साथ-साथ राजस्थानी खानपान की हुई।

उल्लेखनीय है कि व्यापार मेले के इस मंच के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘विकसित राजस्थान’ के विजन को मुख्य रूप से प्रस्तुत किया गया। राजस्थान पवेलियन में प्रदेश के 41 जिलों के ओडीओपी उत्पादों एवं 24 जीआई टैग उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। वहीं, 44 स्टॉलों के माध्यम से शिल्पकारों, उद्यमियों, उत्पाद निर्माताओं एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर प्रदान किया गया था।
मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ के अनुरूप पवेलियन में राजस्थान की पारंपरिक कला, संस्कृति एवं शिल्प को आधुनिक तकनीक, उद्योग, निवेश और विकास की संभावनाओं के साथ प्रस्तुत किया गया। मेले के दौरान आकर्षक ‘पीकॉक गेट’ एवं ‘नमस्ते गेट’, एआई आधारित डिजिटल झरोखा, कठपुतली कियोस्क, सेल्फी झरोखा और 3डी प्रिंटिंग जैसी तकनीकी प्रस्तुतियां आगंतुकों के विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

14 दिन तक चले व्यापार मेले में विभिन्न देशों के गणमान्य प्रतिनिधियों ने भी राजस्थान पवेलियन का भ्रमण कर राजस्थानी कला संस्कृति और हैंडीक्राफ्ट से ओतप्रोत पवेलियन की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा राजस्थानी आर्टिजंस के साथ रूबरू होकर अपने अनुभव बांटे।