रुद्रपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा

रुद्रपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा

रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदयात्रा में उमड़ी भीड़ को लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रहित और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता का प्रतीक बताया। इस दौरान मातृशक्ति, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं सहित हजारों लोग शामिल हुए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पदयात्रा में लोगों की व्यापक भागीदारी से स्पष्ट है कि जनता लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रीय सुरक्षा और मतदाता सूची की शुचिता को लेकर जागरूक है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में हो रहे विकास कार्यों और सकारात्मक बदलावों से कांग्रेस विचलित है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता की लालसा में पार्टी लोकतांत्रिक मर्यादाओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। धामी के अनुसार, जब भी जनादेश कांग्रेस के राजनीतिक हितों के अनुरूप नहीं होता, तब वह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की मतदाता सूची की शुचिता और राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने अवैध घुसपैठ और कथित वोट बैंक की राजनीति को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए अवैध घुसपैठ पर प्रभावी कार्रवाई तथा मतदाता सूची को पारदर्शी और स्वच्छ बनाए रखना आवश्यक है।

पदयात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, लोकसभा सांसद अजय भट्ट, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडेय, शिव अरोड़ा एवं त्रिलोक सिंह चीमा समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।