मेजर ध्यानचंद ने देश के लिए हिटलर के प्रस्ताव को ठुकराया

मेजर ध्यानचंद ने देश के लिए हिटलर के प्रस्ताव को ठुकराया

rafi ahmad ansari
बालाघाट। प्रतिवर्ष 29 अगस्त को हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंदजी का जन्मदिन खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है, प्रतिवषार्नुसार इस वर्ष भी नेहरू स्पोर्टिंग क्लब द्वारा क्लब कार्यालय में हॉकी के महान जादूगर स्व. मेजर ध्यानचंद जी का जन्मदिन मनाया गया। खेल दिवस के रूप में मनाये गये मेजर ध्यानचंद के 116 वें जन्मदिन पर प्रमुख रूप से नेहरू स्पोर्टिंग क्लब अध्यक्ष राजेश पाठक, महासचिव विजय वर्मा, किरण भाई त्रिवेदी, संरक्षक अनिल धुवारे,  ऋषभ वैद्य मौजूद थे। मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिन पर नेहरू स्पोर्टिंग पदाधिकारियों ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर देश में हॉकी को दिये गये उनके योगदान को याद किया। नेहरू स्पोर्टिंग क्लब अध्यक्ष राजेश पाठक ने कहा कि हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद एक विलक्षण प्रतिभा के धनी खिलाड़ी थे। ऐसे लोग पैदा नहीं बल्कि अवतरित होते है, जिनके बारे में कहना ही, सूरज को दिपक जगाने जैसा है।

अध्यक्ष श्री पाठक ने मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिन पर खिलाड़ियों को शुभकामनायें देते हुए कहा कि वह खेल जगत में उत्तरोत्तर प्रगति करें। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन मेजर ध्यानचंद जैसे खिलाड़ी ने जन्म लिया था। ध्यानचंद की प्रशंसा करते हुए कहा है कि इनसे बड़ा खिलाड़ी न तो पैदा हुआ है और न होगा। उन्होंने देश के लिए इतने गोल्ड मेडल उस समय लाये जब खेल इतना पॉपुलर नहीं था। प्रतिवर्ष नेहरू स्पोर्टिंग क्लब इस दिन को धूमधाम से मनाते आ रहा था। वे एक राष्ट्रभक्त और हॉकी के जादूगर थे। जिन्होंने जर्मनी के तानाशाह शासक हिटलर के जर्मनी से खेलने के प्रस्ताव को अस्वीकार कर अपने देश भारत के ही खेलने की बात कही थी। ऐसे महान खिलाड़ी के नाम से केन्द्र सरकार के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा खेल पुरस्कार दिये जाने की घोषणा की है, हम इसके लिए केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त करते है और मांग करते है कि देश को हॉकी के नाम से पहचान दिलाने वाले हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को भारतरत्न दिया जायें। उन्होंने कहा कि हर हॉकी खिलाड़ी को उनके खेल से प्रेरणा लेने और उनके जैसा खिलाड़ी बनने का प्रयास करने की जरूरत है। जिस तरह उन्होंने देश का नाम रोशन किया, उस तरह हॉकी के खिलाड़ी भी अपने खेल का प्रदर्शन कर देश का नाम विश्व पटल पर अंकित करें।

खेल दिवस पर कबड्डी के नेशनल खिलाड़ी को किया गया सम्मानित--- खेल दिवस पर नेहरू स्पोर्टिंग क्लब और कबड्डी संघ जिलाध्यक्ष राजेश पाठक के हस्ते जिले के कबड्डी खिलाड़ी और नेशनल प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम से खेलने वाले संदीप कोकोटे को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। बताया जाता है कि कबड्डी खिलाड़ी संदीप कोकोटे एक बेहतरीन खिलाड़ी है, जो उचित मार्गदर्शन और सहयोग से जिले का नाम और रोशन कर सकता है।