3300 करोड़ की सौगातों के बीच नगरोदय शुरू

3300 करोड़ की सौगातों के बीच नगरोदय शुरू


भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मिशन नगरोदय में नगरीय निकायों के लिए 3300 करोड़ रुपए की सौगात दे रहे हैं। इस दौरान हितग्राही मूलक योजनाओं में राशि वितरण और नगरीय निकायों में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास किया जाना है।
मिशन नगरोदय का राज्य स्तरीय कार्यक्रम मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हो रह है और सभी जिलों में मंत्री, विधायक भी वर्चुअल रूप से इन कार्यक्रमों में अफसरों और हितग्राहियों के साथ शामिल हो रहे हैं। कलेक्टरों से कहा गया है कि स्थानीय स्तर पर कोई शिलान्यास व लोकार्पण कराना हो तो मंत्री या स्थानीय विधायक, सांसद से करा सकते हैं। आज हो रहे कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी सीएम चौहान के साथ शामिल रहेंगे। मुख्यमंत्री चौहान मिशन नगरोदय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत  लगभग एक लाख 60 हजार से अधिक परिवारों को प्रथम एवं द्वितीय किस्त के  1602 करोड़ रुपए के वितरण की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में  हितग्राहियों को लाभ वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगरीय निकायों के विकास कार्यों के लिए  810 करोड़ रुपए जारी करेंगे। मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना फेज-3 में अमृत योजना, स्मार्ट सिटी और निकाय मद के अधोसंरचनात्मक विकास कार्यक्रमों का भूमि-पूजन और शिलान्यास भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री अधोसंरचना फेज-3 के अंतर्गत लगभग 500 करोड़ रुपए के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास होगा। नगरीय क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान नगरीय निकायों के पंचवर्षीय विकास के रोडमैप का विमोचन भी करेंगे।