अमन कॉलोनी का मामला: पुलिस पार्टी पर हमला करने वालों की अब तक नहीं हुई गिरफ्तार

अमन कॉलोनी का मामला: पुलिस पार्टी पर हमला करने वालों की अब तक नहीं हुई गिरफ्तार

भोपाल
करोंद की अमन कॉलोनी में पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस 24 घंटे बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इतना ही नहीं पुलिस गिरफ्तार करने के लिए दोबारा ईरानी डेरे तक नहीं गई है। सागर पुलिस उस आरोपी को अपने साथ ले गई, जिसको पकड़ने के दौरान विवाद हुआ था।

पुलिस के मुताबिक कल सुबह करीब सात बजे सागर से खुरई पुलिस ने धोखाधड़ी के तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। खुरई पुलिस के साथ भोपाल पुलिस के करीब दो दर्जन से अधिक बल था। करोंद में अमन कॉलोनी के ईरानी डेरे के दो कुख्यात बदमाश दिवाली से पहले 9-10 नवंबर को सागर के खुरई गए थे। वहां एक ज्वैलरी की दुकान पर पहुंचे और गन पॉइंट पर जेवर से भरा बैग लेकर भाग आए थे। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि ये बदमाश भोपाल के ईरानी डेरे के रहने वाले हैं। मुख्य आरोपी रिजवान ईरानी को पकड़ते ही ईरानी समुदाय के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया था। इसी बीच कुछ लोगों ने आगे बढ़कर पुलिस पर मिर्च पाउडर झोंक दिया और पथराव होने लगे। हमला करने वालों में महिलाएं भी शामिल थी।

इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस तो दर्ज कर लिया था लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। पुलिस को डर है कि अब अगर किसी को गिरफ्तार करने जाती है, तो विवाद की स्थिति निर्मित हो सकती है।