मंत्री मोहन यादव ने कहा कालेज में शुरू होंगे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम

मंत्री मोहन यादव ने कहा कालेज में शुरू होंगे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम

भोपाल
उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के महाविद्यालयों में रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके लिए विधायक अपने क्षेत्र के कालेज के नाम दे सकते हैं जहां ऐसे पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकें। सरकार इस पर फोकस कर रोजगार परक शिक्षा देने के लिए काम करेगी।

मंत्री यादव ने विधायक प्रियव्रत सिंह के छापीहेड़ा महाविद्यालय की व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। सिंह ने कहा था कि यहां सुविधा नहीं है और कालेज चल रहा है। इसके जवाब में मंत्री यादव ने कहा कि शासकीय महाविद्यालय छापीहेड़ा में कला संकाय में 289 छात्र एवं 319 छात्रायें, कुल 608 विद्यार्थी दर्ज हैं। दर्ज छात्र संख्या के अनुरूप 4 कक्षों में कक्षा संचालित हो रही हैं। छात्र संख्या के मान से कक्षों का अभाव है। आवश्यकतानुसार शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कक्षों का उपयोग किया जाता है। महाविद्यालय के पास पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध है। पेयजल व्यवस्था के लिये नल-जल सुविधा उपलब्ध है।

एक अन्य मामला विधायक विनय सक्सेना ने भोपाल में फर्जी लोगों का आवास आवंटन का उठाया और उसमें आवास का लाभ लेने वालों पर भी कार्यवाही की मांग की। जवाब में गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्यवाही की गई है। साथ ही 2.68 लाख रुपए की वसूली भी की गई है। हास परिहास के बीच मिश्रा ने कहा कि यह काम विधायक जीतू पटवारी ने मंत्री रहते शुरू किया था जिसे अब हम खत्म करेंगे। इस पर विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि इसका भी एंड होगा। मंत्री मिश्रा ने कहा कि जिन लोगों के आवेदन आए हैं, उनकी जांच कराई जा रही है। किसी को छोड़ा नहीं गया है।