प्रदेश में पहली से लेकर 8वीं तक के स्कूल 15 अप्रैल तक बंद
भोपाल
मध्य प्रदेश सरकार ने पहली से लेकर आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए 15 अप्रैल तक स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से पहली से लेकर आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों को फिर से बंद कर दिया गया है। नौवीं कक्षा से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए कक्षाएं 1 अप्रैल से शुरू होंगी। 9वीं से लेकर 12वीं कक्षा तक के छात्रों को स्कूल जाकर कक्षाएं लेने के लिए अभिभावकों की लिखित अनुमति लेनी होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले सूबे की सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 31 मार्च तक स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया था। अब पहली से लेकर आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूल 15 अप्रैल तक बंद रहेंगे। इसे लेकर सूबे के शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी किया है। नया आदेश स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव संजय गोयल ने जारी किया है। यह आदेश सभी जिला कलेक्टर और स्कूलों को भेजा गया है।
वहीं, नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूलों में जाकर कक्षाएं लेने के लिए एसओपी जारी की गई है। सभी स्कूलों को सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने के लिए कहा गया है। बता दें कि सूबे में अभी प्राथमिक कक्षाएं ऑनलाइन मोड के माध्यम से आयोजित हो रही हैं। प्राथमिक कक्षाएं ऑफलाइन 23 जून से हो सकती हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 