परीक्षा में फर्जीवाडा के चलते व्यापमं ने निरस्त की कृषि विस्तार और विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा

परीक्षा में फर्जीवाडा के चलते व्यापमं ने निरस्त की कृषि विस्तार और विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा

भोपाल
व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने  दस और 11 फरवरी को  कृषि विभाग की ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (कार्यपालिक) भर्ती परीक्षा कराई थी, जिसे निरस्त कर दिया गया है। परीक्षा में फर्जीवाडा हुआ है, जिसके चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जांच के आदेश दिए थे। इसके चलते व्यापमं ने सबसे पहले परीक्षा को निरस्त कर दिया है।

फर्जीवाडे का खुलासा करने के लिए व्यापमं ने मैपआईटी को जांच का दायित्व दिया है। इसमें दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों को 200 में से 175 से 195 तक अंक मिल रहे हैं। जबकि उक्त उम्मीदवारों के दसवीं, बारहवीं और यूजी-पीजी में ज्यादा अच्छे अंक नहीं मिले हैं। परीक्षा में बडे स्तर पर फर्जीवाडा हुआ है।

शिकायतें मिलने पर सीएम चौहान ने जांच के आदेश दिए हैं। व्यापमं अध्यक्ष केके सिंह ने परीक्षा को निरस्त कर दी है। फर्जीवाडा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए व्यापमं ने मैपआईटी को जांच का दायित्व दिया  है। जांच एक सप्ताह में पूरी हो जाएगी। जांच में दोषी पाये जाने वाले अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ व्यापमं आपराधिक प्रकरण दर्ज कराएगा।

परीक्षा निरस्त कराने की मांग को लेकर 15 हजार कृषि स्नातकधारी विद्यार्थियों ने इंदौर से भोपाल तक पदयात्रा निकालने का निर्णय तक कर लिया था। परीक्षा निरस्त होने पर उन्हें अब परीक्षा की संशोधित तिथि का इंतजार है।