संकट के समय में पल-पल महत्वपूर्ण युद्धस्तर पर करें अस्पताल निर्माण
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बीना में आगासौद में बनाए जा रहे कोविड केयर सेंटर की तैयारियों की समीक्षा की। इस समीक्षा बैठक में डीआरडीओ के अधिकारी भी वर्चुअली जुड़Þे और यहां की व्यवस्था के बारे में चर्चा की। सीएम चौहान ने अफसरों से कहा कि हमारे लिए एक-एक घंटा महत्वपूर्ण है। सभी अफसर लोगों की जिंदगी बचाने के लिए मेहनत कर रहे हैं, इसलिए एक-एक क्षण का उपयोग करते हुए अस्पताल निर्माण का काम युद्धस्तर पर पूरा करें।
उन्होंने कहा कि रिफायनरी के बगल में बनाए जा रहे अस्थायी अस्पताल के निर्माण में डीआरडीओ का सहयोग भी रहेगा। यह अस्पताल हर मौसम के अनुरूप बनाया जा रहा है। यहां बिजली और पानी की निरंतर सप्लाई बनी रहेगी। मरीजों के भोजन, पानी, चाय, काढ़ा की व्यवस्था शासन के साथ-साथ अक्षय पात्र फाउंडेशन के सहयोग से की जाएगी। गौरतलब है कि यहां पर एक हजार बेड का कोविड केयर सेंटर बनाया जा रहा है जिसका निरीक्षण करने मंत्री भूपेंद्र सिंह फिर जाएंगे। सीएम चौहान ने सिंह को इसकी मानीटरिंग का जिम्मा सौंप रखा है। इस सेंटर पर बेड के इंतजाम की तैयारियां चलने के साथ उसे आक्सीजन से जोड़ने का काम भी किया जा रहा है। यहां एप्रोच रोड बनाने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों द्वारा की जा रही है।
सरकार की कोशिश है कि इसी माह इस कोविड केयर सेंटर की शुरुआत हो जाए। ताकि लोगों को कोरोना संक्रमित होने पर उपचार के लिए यहां लाया जा सके। इसके बाद सीएम चौहान ने कोरोना संक्रमित रोगियों को ऊर्जा देने के लिए शुरू किए गए योग से निरोग अभियान को लेकर बैठक की और इसके लिए तय की गई व्यवस्था की जानकारी ली। सीएम चौहान कोरोना की समीक्षा भी कलेक्टरों से वीडियो कांफ्रेंसिंग से संवाद के जरिये करेंगे।
कोरोना संक्रमण रोकने माइक्रो कंटेन्मेंट प्लान की पीएम मोदी ने की सराहना
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और प्रदेश में कोरोना नियंत्रण के लिए किए जाने वाले प्रयासों की जानकारी दी। सीएम चौहान ने पीएम मोदी को बताया कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए जनता से कोरोना कर्फ्यू का आह्वान किया गया जो सफल हो रहा है और गांव के लोग खुद बाहर जाने से बच रहे हैं और दूसरे स्थानों से आने वालों को कोरेंटाइन होने के बाद ही गांव में जाने की अनुमति दे रहे हैं। जहां कोरोना संक्रमित हैं वहां माइक्रो कंटेन्मेंट जोन बनाए गए हैं। इसका असर भी संक्रमण की रफ्तार कम करने में हो रहा है। पीएम मोदी ने इसकी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह काम दूसरे राज्य भी शुरू कर सकते हैं। पीएम मोदी ने गांवों में कोरोना कर्फ्यू लगाने की ग्रामीणों की जागरुकता की भी सराहना की। सूत्रों का कहना है कि सीएम चौहान ने इस दौरान कोरोना पाजिटिविटी रेट और गंभीर मरीजों के लिए रेमिडीसिविर इंजेक्शन व आक्सीजन की उपलब्धता पर भी पीएम मोदी से बात की। साथ ही टैंकरों से आक्सीजन की आपूर्ति के लिए पीएम मोदी का आभार भी माना।
bhavtarini.com@gmail.com 