शेयर बाजार में सेंटिमेंट कमजोर, सेंसेक्स में 305 अंकों की गिरावट

शेयर बाजार में सेंटिमेंट कमजोर, सेंसेक्स में 305 अंकों की गिरावट

मुंबई

पिछले हफ्ते के निराशाजनक माहौल के बाद सोमवार को भी शेयर बाजार में गिरावट आई है. एश‍ियाई बाजारों में गिरावट और एफआईआई की बिकवाली की वजह से सेंटिमेंट कमजोर रहा. सुबह कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ ही हुई. अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंंज (BSE) का सेंसेक्स 305.88 अंक गिरकर 38,031.13 पर बंद हुआ. इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 82 अंक गिरकर 11,337.15 पर बंद हुआ.

बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट देखी गई. सोमवार को कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंंज (BSE) का सेंसेक्स 400 अंक टूटकर 38,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे चला गया. इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी ने भी 200 दिन के एक्सपोनेंटल मूविंग एवरेज (EMA) के नीचे चला गया. बजट के बाद बिकवाली जारी रहने से अब तक निवेशकों को करीब 6 लाख करोड़ रुपये का चूना लग चुका है.

कारोबार के दौरान बीएसई के 816 शेयरों में बढ़त और 1680 शेयरों में गिरावट देखी गई. निफ्टी पर नुकसान वाले प्रमुख शेयरों में बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और आयशर मोटर्स शामिल रहे. इसी प्रकार फायदे में रहने वाले प्रमुख शेयरों में येस बैंक, वेदांता, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, जी एंटरटेनमेंट और इंडियाबुल्स हाउसिंग रहे. बैंक और एफएमजीसी शेयरों में 1 फीसदी की गिरावट देखी गई. मेटल, फार्मा, एनर्जी, आईटी और ऑटो शेयरों में खरीदारी देखी गई.

कमजोर तिमाही नतीजों की वजह से एचडीएफसी बैंक सबसे ज्यादा नुकसान वाले शेयरों में रहा. पिछले हफ्ते के निराशाजनक माहौल के बाद सोमवार को भी बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंंज (BSE) का सेंसेक्स 150 अंकों की गिरावट के साथ खुला और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 11,400 पर खुला.

शुरुआती कारोबार में रुपये में गिरावट देखी गई. डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे की गिरावट के साथ 68.90 पर खुला. शुक्रवार को रुपया 68.80 पर बंद हुआ था.