डॉग स्क्वॉड में शामिल होगी देसी ब्रीड, प्रशिक्षण के बाद विदेशी नस्ल के कुत्तों से करेंगे कंपेयर
भोपाल
मध्य प्रदेश पुलिस अब जल्द ही देसी नस्ल के कुत्तों के जरिए विस्फोटक पदार्थ और अपराधियों की तलाश करेगी। आधा दर्जन देसी नस्ल के कुत्तों को खरीदने के लिए 23 वीं बटालियन ने तैयारी कर ली, उसके बाद उन्हें ट्रैनिंग दी जाएगी।
कोविड 19 के दौरान मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देसी नस्ल के कुत्तों को प्रशिक्षित करने की बात कही थी। सुझाव के बाद प्रदेश पुलिस ने इस पर अमल करने के लिए तैयारी शुरू की। जिस पर नए पपी खरीदने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। इसके लिए तीन लाख रुपये भी मंजूर किए गए हैं। इस राशि से 12 पपी खरीदे जाएंगे।प्रस्ताव के बाद अब देसी नस्ल के मुधोल हाउंड, कोम्बाई, चिप्पीपराई, कन्नी, राजपालयम और रामपुर हाउंड को पुलिस के डॉग स्क्वॉड में शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इन सभी नस्ल के दो-दो पपी खरीदे जाएंगे। इन्हें प्रशिक्षित करने के बाद यह परखा जाएगा कि विदेशी नस्लों के मुकाबले इनकी सूंघने और काम करने की क्षमता कितनी बेहतर है।
देसी नस्ल के कुत्तों को खरीदने से पहले बटालियन विदेशी नस्ल के 20 पपी खरीदने जा रहा है। जिसमें 6 जर्मन शेफर्ड, एक दर्जन डाबरमैन और 2 बेल्जियम मेलेनाइस खरीदे जाने हैं। इनको भी ट्रैनिंग दी जाएगी। 23वीं बटालियन के डॉग स्क्वॉड में फिलहाल 157 कुत्ते हैं। इनमें से 36 मुख्यालय पर हैं। बाकी के जिलों में दिए गए हैं।
bhavtarini.com@gmail.com
