जनता जानती है, कौन चौकीदार कौन चोर : शाह 

जनता जानती है, कौन चौकीदार कौन चोर : शाह 

बालाघाट/सिवनी/छिंदवाड़ा

कांग्रेस की सरकार हर जगह समानता से भ्रष्टाचार करती है। भ्रष्टाचार के मामले में पार्टी किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं करती। यही वजह रही कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक एक जैसा भ्रष्टचार किया।    श्री शाह ने कहा कि यूपीए की सरकार 10 साल भ्रष्टाचार करती रही। कांग्रेस की सरकार सब जगह समान रूप से भ्रष्टाचार करती रही। इस मामले में उसने किसी से कोई अन्याय नहीं किया। अंतरिक्ष आकाश, भूमि, समंदर, पाताल हर जगह समान रूप से भ्रष्टाचार किया। यूपीए सरकार ने अंतरिक्ष में इसरो घोटाला, आकाश में वेस्टलैंड हैलीकॉप्टर घोटाला,  जमीन पर आदर्श घोटाला, समंदर में सब मैरीन घोटाला और पाताल में कोयले की खदानों को बेचने का घोटाला। कुल मिलाकर यूपीए की सरकार ने 12 लाख करोड़ के घोटाले किए। इतना भ्रष्टाचार करने वाली सरकार के नेता अब भाजपा पर आरोप लगाते हैं। 

यह बात शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने छिंदवाड़ा, सिवनी जिले के लखनादौन एवं बालाघाट में आयोजित सभाओं को संबोधित करते कही। शाह ने एक चौकीदार और 40 चोरों की कहानी सुनाते हुए कहा कि चोरों ने चौकीदार के खिलाफ गठबंधन किया था, लेकिन गांव के लोगों ने उन्हें पहचान लिया और फिर से चौकीदार को जिम्मेदारी दे दी थी। चोर कौन है देश की जनता जानती है।

शाह ने कहा कि मतदान की तारीख समीप आ रही है। आपके एक तरफ कांग्रेस है, दूसरी तरफ भाजपा है। भाजपा नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और शिवराज जी को मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी बनाकर चुनाव लड़ रही है। राहुल बाबा आजकल यहीं घूम रहे हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि राहुल बाबा आपका सेनापति कौन है? आपकी पार्टी की न नीति तय है, न नेता तय है और न सिद्धांत। कांग्रेस सिर्फ सत्ता की भूख मिटाने के लिए चुनाव मैदान में उतरी है। जबकि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के विकास के लिए कटिबद्ध है। अब जनता तय करे कि वोट किसे देना है? पांच साल तक प्रदेश में किसकी सरकार रहेगी।

भाजपा कर सकती है विकास

शाह ने कहा कि दिग्विजयसिंह की सरकार ने प्रदेश को बीमारू बना दिया था, और शिवराज जी की सरकार ने 15 सालों तक लगातार प्रदेश का विकास करने का काम किया। बंटाढार की सरकार 56 हजार प्राइमरी स्कूल छोड़कर गई थी, जिसे भाजपा सरकार ने 83 हजार तक पहुंचाया। 18 हजार मिडिल स्कूल थे, जिन्हें हमारी सरकार ने 30 हजार किया। प्रदेश में 5 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब 18 हो गए हैं। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में प्रदेश का बजट 21600 करोड़ हुआ करता था, जिसे भाजपा की सरकार ने 15 सालों में 185564 करोड़ रुपए कर दिया। प्रति व्यक्ति आय 14000 रुपए थी, जिसे हमारी सरकार ने 72500 रुपए कर दिया।

विकास को लेकर बहस कर ले कांग्रेस

    लखनादौन की सभा में शाह ने कहा कि कमलनाथ हमसे हिसाब मांगते हैं। हम उनसे पूछते हैं कि आपके नेता की साढ़े चार पीढ़ियों ने देश पर शासन किया, उन्होंने देश के लिए क्या किया। शाह ने कहा कि कांग्रेस चाहे तो अपने 55 साल के विकास के आंकड़े लेकर आ जाए, युवा मोर्चा का एक सामान्य कार्यकर्ता उन्हें बता देगा कि भाजपा की सरकार ने 15 सालों में क्या काम किया है। शाह ने कहा कि मोदी सरकार से पहले आदिवासियों का बजट 818 करोड़ हुआ करता था, जिसे हमारी सरकार ने 26 हजार करोड़ तक पहुंचाया। मोदी सरकार आयुष्मान भारत योजना लेकर आई, जिसमें हर गरीब को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ गरीबी हटाओ के नारे लगाए, गरीब हटाने का काम नहीं किया। 

    सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने भाजपा समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए फिर आशीर्वाद देकर प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील की।