कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार उपचार के हर इंतजाम में जुटी है: शिवराज
भोपाल। कोविड से निपटने के लिए सरकार हरसंभव विकल्प पर काम कर रही है। प्रदेश में खाली पड़ी इमारतों को अब कोविड हॉस्पिटल में बदला जाएगा। इधर, कोरोना मरीजों के लिए आॅक्सीजन की सप्लाई भिलाई से की जा रही है। मुख्यमंत्री आज मंत्रालय में कोरोना को लेकर कर्मचारियों से संवाद करेंगे और इसके बाद मंत्रियों के साथ वर्चुअल कैबिनेट भी करेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार उपचार के हर इंतजाम में जुटी है। बड़े शहरों में जहां केस ज्यादा आ रहे हैं, वहां खाली पड़ी बड़ी इमारतों को कोविड केयर सेंटर कम हास्पिटल के रूप में इस्तेमाल करने पर विचार किया जा रहा है। इन भवनों में मरीजों को मेडिकल सुविधा देने के लिए निजी क्षेत्रों का सहयोग लेने की भी तैयारी है। सरकार हर हाल में मरीजों को उपचार देने के लिए तत्पर है। सीएम चौहान ने स्मार्ट पार्क में पौधरोपण के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि भोपाल में प्रशासन अकादमी, माखन लाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी भवन समेत अन्य भवनों का इसके रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने मीडिया और अन्य वर्गों से अपील की कि कोरोना के मामलों को पैनिक बनने से रोकने में मदद करें। उन्होंने कहा कि आक्सीजन की कमी नहीं है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से इसको लेकर बात हुई है। भिलाई से आक्सीजन की सप्लाई हो रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना राजनीति का विषय नहीं है।
तीन दिन टीका उत्सव
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आगामी 11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक प्रदेश में टीका उत्सव मनाया जाएगा जिसमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के अधिक से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाना है।
bhavtarini.com@gmail.com 